Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गाजियाबाद: चिराग त्यागी के हत्यारों के एनकाउंटर की मांग, इंसाफ दिलाने के लिए परिवार ने दिया धरना

    Updated: Thu, 04 Jun 2026 08:35 AM (IST)

    अंतरराष्ट्रीय पैरा खिलाड़ी चिराग त्यागी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर उनके स्वजनों ने गाजियाबाद कलेक्ट्रेट पर धरना दिया। सात घंटे के विरोध के बाद डी ...और पढ़ें

    HighLights

    1. चिराग त्यागी के स्वजनों ने न्याय के लिए धरना दिया।

    2. सात घंटे बाद डीएम ने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की

    3. परिवार ने स्टेडियम, नौकरी और सुरक्षा की मांग की

    जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। पैरा एथलीट चिराग त्यागी को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर उनके स्वजन और अन्य लोग बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। स्वजन और उनके साथ आए लोग डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ को ज्ञापन देना चाहते थे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। उन्हें एडीएम से मिलने के लिए कहा गया, जिससे नाराज होकर लोग धरने पर बैठ गए। धरना सात घंटे तक चला, जिसके बाद डीएम से उनकी मुलाकात संभव हो सकी।

    चिराग त्यागी के स्वजन ने बताया कि वे सुबह 10 बजे कलक्ट्रेट पहुंचे और लगभग दो घंटे तक ज्ञापन देने के लिए इंतजार करते रहे। इस दौरान एडीएम ने आकर ज्ञापन लेने का प्रयास किया, लेकिन स्वजन डीएम से मिलना चाहता था। डीएम के कलक्ट्रेट से चले जाने के बाद स्वजन ने धरना शुरू कर दिया।

    स्वजन का कहना है कि खोड़ा में सूर्या की मौत के बाद प्रशासन ने मुख्य आरोपित का एनकाउंटर किया और परिवार के सदस्य को नौकरी दिलाई। इसी तरह चिराग त्यागी के मामले में भी न्याय किया जाए। कोच प्रवीण ने कहा कि चिराग हत्याकांड के सभी आरोपित अब तक नहीं पकड़े गए हैं, जिससे परिवार को न्याय नहीं मिला है।

    यति नरसिंहानंद भी पहुंचे कलक्ट्रेट

    डासना देवी मंदिर के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद ने भी परिवार को समर्थन देने के लिए कलक्ट्रेट पहुंचकर इंसाफ की मांग की। पीड़ित परिवार के धरने की सूचना पर जनप्रतिनिधियों ने उच्चाधिकारियों से संपर्क किया। शाम को लगभग छह बजे डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ कलक्ट्रेट पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिले।

    खबरें और भी

    उन्होंने बताया कि दोपहर में अवैध मदरसा तोड़ने की कार्रवाई में व्यस्त थे। पीड़ित परिवार ने चिराग के नाम पर देहात क्षेत्र में स्टेडियम, सड़क निर्माण, परिवार के सदस्य को सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस और रोजगार का साधन देने की मांग की।

    डीएम ने उनकी मांगों को पूरा कराने का आश्वासन दिया है। पीड़ित परिवार बृहस्पतिवार को पुलिस कमिश्नर से भी मुलाकात करेगा। इस दौरान चिराग के पिता मनोज त्यागी, डा. उदिता त्यागी, कपिल त्यागी, संदीप त्यागी, मनीषा त्यागी, राजेश त्यागी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।