गाजियाबाद: मानसून से पहले ट्रांस हिंडन में नाले साफ, पर वैशाली की नालियां जाम; सड़कों पर फैला गंदा पानी
ट्रांस हिंडन क्षेत्र में मानसून से पहले नालों की सफाई शुरू हो गई है, लेकिन वैशाली सेक्टर-3 में नालियां जाम होने से सड़कों पर गंदा पानी भर रहा है। ...और पढ़ें

नाली पड़ीं जाम, नालों की सफाई का चल रहा काम
HighLights
वैशाली सेक्टर-3 में नालियां जाम, सड़कों पर गंदा पानी।
मानसून से पहले ट्रांस हिंडन में नालों की सफाई जारी।
निगम से नालियों की दैनिक सफाई, एंटी-लार्वा छिड़काव की मांग।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। मानसून से पहले नगर निगम ने ट्रांस हिंडन क्षेत्र में नालों की सफाई का काम शुरू करा दिया है लेकिन इस बीच रिहायशी क्षेत्रों में नाली जाम और सड़कों पर जलभराव की शिकायत भी लोग कर रहे हैं।
वैशाली सेक्टर-3 में नाली चोक होने से गंदा पानी सड़क पर भर रहा है। लोगों ने मांग की है कि नालों की सफाई के साथ गलियों में नालियों की भी प्रतिदिन सफाई कराई जाए।
वैशाली सेक्टर-3 एफ आरडब्ल्यूए अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में नालियां पूरी तरह से चोक (जाम) हैं, जिसके कारण गंदा और दूषित पानी सड़कों पर ओवरफ्लो होकर फैल रहा है।
सड़कों पर इस तरह गंदा पानी जमा होने के कारण पूरे इलाके में बेहद दुर्गंध आ रही है और यहां रहने वाले नागरिकों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। उन्होंने बताया कि गंदगी के कारण बीमारियों के फैलने का भी डर बना हुआ है।
नगर निगम से की ये मांग
आरडब्ल्यूए ने नगर निगम से मांग की है कि नालियों की सफाई करवाई जाए। इसके अलावा जलभराव की निकासी की व्यवस्था नगर निगम कराए। मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के लिए एंटी लार्वा का छिड़काव भी कराया जाए।
नालियों में गंदगी की समस्या के बीच ट्रांस हिंडन क्षेत्र के नालों की सफाई का काम शुरू हो गया है। छोटे और मध्यम नालों को नगर निगम अपने संसाधन से साफ करा रहा है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश ने बताया कि बड़े नालों के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी होगी।
खबरें और भी
साहिबाबाद में ब्रज विहार का नाला सबसे बड़ा है, जिससे हर मानसून में जलभराव होकर परेशानी होती है। इसको लेकर टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम कराया जाएगा। फिलहाल मोहननगर जोन में शालीमार गार्डन, गणेशपुरी, कुटी रोड, जवाहर पार्क, अर्थला और पसौंडा में नाले की सफाई का काम चल रहा है।
वसुंधरा जोन के इंदिरापुरम में अहिंसाखंड और अभयखंड, कनावनी पुलिया से होकर वसुंधरा सेक्टर-2 तक नाले की सफाई कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि नालियों की सफाई कराए जाने के लिए सुपरवाइजर को निर्देश दिए गए हैं।