साहिबाबाद में क्रेन खरीद में 32.48 लाख की धोखाधड़ी, तीन पर केस दर्ज
साहिबाबाद में एक क्रेन खरीद मामले में 32.48 लाख रुपये का भुगतान न करने पर तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
क्रेन खरीदकर 32.48 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया।
दुर्गा इंजीनियरिंग वर्क्स ने तीन आरोपितों पर केस दर्ज कराया।
आरोपितों ने दो माह में भुगतान का वादा तोड़ दिया।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। साहिबाबाद थाना क्षेत्र के अर्थला संजय नगर कालोनी में क्रेन खरीदकर शेष 32.48 लाख रुपये न देने का मामला सामने आया है।
आरोपित पक्ष को 36 लाख रुपये की क्रेन और 18 प्रतिशत जीएसटी कुल 42.48 लाख रुपये देने थे। 10 लाख रुपये देने के बाद कर शेष रुपये दो माह में देने का वादा किया लेकिन 15 माह बीतने के बावजूद रुपये नहीं दिए। पीड़ित ने आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
अर्थला संजय नगर स्थित मैसर्स दुर्गा इंजीनियरिंग वर्क्स के मालिक राम नक्षत्र पांडेय ने बताया कि वह ईओटी क्रेन बनाकर बेचते हैं। ग्रेटर नोएडा सेक्टर-16 ग्लैक्सी नार्थ एवेन्यू स्थित मैसर्स एसएसआर कंसल्टिग इंजीनियरिंग सर्विस उनकी पार्टनर फर्म है।
इस फर्म के दो मालिक पूर्णिमा सेन और चंद्रा राय हैं। उनकी कंपनी में शुभोजित राय बतौर मैनेजर कार्य करते हैं। तीन मई 2025 को शुभोजित राय 10/10 टोन ईओटी क्रेन खरीदने उनके आफिस पहुंचे।
22 जुलाई को दिया पर्चेज ऑर्डर
उन्होंने कोटेशन दे दी। जिसके बाद 22 जुलाई को शुभोजित राय ने एक पर्चेज आर्डर दिया। क्रेन की कीमत 36 लाख थी। जबकि 18 प्रतिशत जीएसटी मिलाकर कुल 42.48 लाख का बिल तैयार हुआ।
उसने 10 लाख रुपये देकर शेष रकम डिलीवरी पर देने का वादा किया। 27 नवंबर को उन्होंने बिल पर हस्ताक्षर कराकर क्रेन की डिलीवरी दे दी।
समय अधिक होने के कारण शुभोजित राय ने शेष रुपये दो माह में देने का वादा किया। जिसके एवज में उसने एक चेक दिया। आरोप है कि आरोपित ने शेष 32.48 लाख रुपये अभी तक नहीं दिए।
उन्होंने फोन से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन आरोपितों ने फोन रिसीव करना बंद कर दिया। जिसके बाद पीड़ित ने आरोपित पूर्णिमा सैन, चंद्र राय और शुभोजित राय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।
