कांवड़ यात्रा पर ड्रोन और CCTV से नजर, गाजियाबाद में हर एक किलोमीटर में तैनात होगी विद्युत निगम की टीम
विद्युत निगम कांवड़ मार्ग पर हर एक किलोमीटर पर टीमें तैनात करेगा ताकि कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। बिजली के खंभों को पॉलीथिन से ढका जाएगा औ ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर। सौजन्य- ai generated
HighLights
कांवड़ मार्ग पर हर किलोमीटर पर विद्युत टीम तैनात।
खंभों को पॉलीथिन से ढका, ट्रांसफार्मर सुरक्षित होंगे।
कांवड़ियों की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। 30 जुलाई से सावन शुरू हो जाएगा। इसी के साथ भोले के भक्त कांवड़ लेने जाना शुरू कर देंगे। सड़क किनारे खड़े पोल पर पालीथिन लपेटने व तारों को ऊंचा करने का कार्य शुरु कर दिया गया है, लेकिन फिर भी कांवड़ मार्ग पर कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए विद्युत निगम हर एक किलोमीटर पर टीम तैनात करेगा।
एक किलोमीटर के दायरे में जो भी शिकायत होगी टीम उसका समाधान करेगी। साथ ही फाल्ट होने पर भी तुरंत ठीक किए जाएंगे। सुरक्षा के मद्देनजर कांवड़ यात्रा पर ड्रोन और CCTV से नजर रखी जाएगी।
उपखंड अधिकारियों को जारी किए गए निर्देश
कांवड़ मार्ग पर बिजली के खंभे, खुले में रखे ट्रांसफार्मर रखने के साथ ही तार लटके हुए हैं। विद्युत निगम के अधिकारियों का कहना है कि पोल को पालीथिन से ढकने व ट्रांसफार्मर की कवरिंग का कार्य अगले दो-तीन दिन में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद भी वर्षा के कारण करंट उतरने की संभावना रहती है।
इस मार्ग से गुजरने वाले कांवड़िये व लोग संपर्क में न आएं इसके लिए विद्युतकर्मी तैनात रहेंगे। निगम के अधिकारियों का कहना है कि जैसे-जैसे कांवड़ मार्ग पर कांवड़ियों की संख्या बढ़ेगी विद्युतकर्मियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
बिजली कटौती या कोई हादसा न हो इसके लिए सभी विद्युत उपखंड अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जो मार्ग जिस विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत आता है, वहां उसी के कर्मी तैनात रहेंगे। कर्मी कांवड़ियों की समस्या सुनेंगे व उनका समाधान कराएंगे। लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी व कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
हेल्पलाइन नंबर पर भी कर सकेंगे शिकायत
कांवड़ियों को बिजली से जुड़ी कोई भी परेशानी होने पर वह हेल्पलाइन नंबर पर भी शिकायत कर सकेंगे। इसके लिए कंट्रोल रूम के नंबर कांवड़ियों के लिए जारी किया जाएगा। इस नंबर पर जो भी शिकायतें आएंगी उनका प्राथमिकता के साथ कार्य किया जाएगा।
खबरें और भी
कांवड़ मार्ग पर हर एक किलोमीटर मीटर टीम तैनात की जाएगी। हर टीम में दो से तीन कर्मी रहेंगे। शिकायत मिलते ही बिजली से जुड़ी समस्या का समाधान किया जाएगा।
-बृजेश कुमार, मुख्य अभियंता, विद्युत निगम जोन तीन