गाजियाबाद में कूड़ा जलाने से बढ़ रहा प्रदूषण, जिम्मेदार बेपरवाह
गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-आठ में खाली जमीन पर कूड़ा जलाने से प्रदूषण बढ़ रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है। ...और पढ़ें

कूड़े में लगाई आग। जागरण
HighLights
वसुंधरा सेक्टर-आठ में कूड़ा जलाने से प्रदूषण।
बच्चों, बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर बुरा असर।
अधिकारियों की अनदेखी, कार्रवाई का आश्वासन।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। वसुंधरा सेक्टर-आठ में बुद्ध चौक के पास खाली पड़ी आवास विकास की जमीन में आए दिन कूड़ा जलाकर प्रदूषण को बढ़ावा दिया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों का आरोप है कि कई बार इसकी शिकायत भी कर चुके हैं। इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कूड़ा जलने से केवल बदबू या धुएं की समस्या नहीं है, बल्कि आसपास रहने वाले बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। हर दिन उठने वाला जहरीला धुआं सांस की बीमारियों, आंखों में जलन व प्रदूषण को लगातार बढ़ा रहा है।
सबसे चिंता की बात यह है कि नगर निगम और उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। स्थानीय निवासी चिंटू का कहना है कि अगर समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो इससे आने वाले दिनों में बड़ी समस्या हो सकती है। इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए और खुले में कूड़ा जलाने पर सख्त रोक लगाई जाए।
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अंकित सिंह का कहना है कि मौके का निरीक्षण कराया जाएगा। कूड़ा जलाने के लिए जिम्मेदार विभाग को नोटिस जारी किए जाएगा।