Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गाजियाबाद में झूठी शान की खातिर की थी प्रोफेसर दामाद की हत्या, आरोपी ससुर बोला- हिंदू के साथ शादी से बेइज्जती हुई

    Updated: Wed, 01 Apr 2026 08:52 PM (GMT+05:30)

    गाजियाबाद के टीलामोड़ में एक प्रोफेसर दामाद की झूठी शान की खातिर हत्या कर दी गई। ससुर मेहरदीन और चाचा शेरदीन ने मिलकर दामाद नितिन कुमार का गला घोंट दि ...और पढ़ें

    टीला मोड़ पुलिस पुलिस द्वारा गिरफ्तार आराेपित। सौ. पुलिस

     टीला मोड़ पुलिस पुलिस द्वारा गिरफ्तार आराेपित। सौ. पुलिस

    HighLights

    1. गाजियाबाद में प्रोफेसर दामाद की झूठी शान के लिए हत्या।

    2. ससुर मेहरदीन और चाचा शेरदीन ने गला घोंटा।

    3. अंतरधार्मिक विवाह से नाराज थे हत्या के आरोपित।

    जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। टीलामोड़ थाना क्षेत्र में प्रोफेसर दामाद की हत्या झूठी शान के खातिर ससुर व उसके भाई ने मिलकर की थी। आरोपित बेटी के हिंदू युवक से शादी करने को लेकर नाराज चल रहे थे और समाज में अपनी बेज्जती मान रहे थे। इसके चलते आरोपितों ने वारदात को अंजाम दिया था।

    पुलिस ने मृतक की पत्नी के पिता व चाचा को बुधवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। वहीं पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।

    एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 31 मार्च को गीतांजली विहार लोनी निवासी अमित कुमार ने अपने छोटे भाई नितिन कुमार की हत्या के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

    अमित कुमार का कहना था कि उनका छोटा भाई नितिन कुमार जयंत लोनी के एक कॉलेज में प्रोफेसर था। उसने मुस्कान पुत्री मेहरदीन निवासी ग्राम पूरनपुर नवादा थाना चांदीनगर जिला बागपत के साथ साल भर पहले आर्य समाज मंदिर में शादी की थी।

    पति-पत्नी के बीच हुई थी कहासुनी

    पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी, जिससे नराज होकर मुस्कान रविवार को अपनी बुआ के घर चली गई थी। आरोप है कि 30 मार्च को मुस्कान के पिता मेहरदीन व चाचा आसिफ अली ने उनके पास फोन किया और पति-पत्नी के बीच समझौता कराने की बात कहकर उन्हें बंथला फाटक के पास बुलाया। जब वह बंथला फाटक के पास पहुंचे तो वहां एक कार आकर रुकी।

    खबरें और भी

    इस कार से चार अज्ञात व्यक्ति उतरे और मेहरदीन व आसिफ ने उनके भाई नितिन को पकड़ लिया। साथ ही नितिन के साथ मारपीट करते हुए उसकी हत्या करने की बात कही। आरोपियों ने उनके भाई की गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।

    अमित आरोपियों के चंगुल से छूटकर अपनी जान बचाकर मौके से भागने में कामयाब हो गया। एसीपी का कहना है कि पुलिस ने आरोपित मेहरदीन और उसके भाई शेरदीन को बुधवार को कोर्ट में पेश किया और कोर्ट ने दोनों को जेल भेज दिया। फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है।

    समाज में हो रही थी परिवार की बेइज्जती

    पूछताछ के दौरान आरोपितों ने बताया कि नितिन ने उनकी बेटी से स्वजन की रजामंदी के खिलाफ शादी की थी। नितिन दलित समाज से था, जबकि वह मुस्लिम हैं। अलग-अलग धर्म के होने के कारण उनकी समाज में बहुत बेइज्जती हो गई थी। काफी दिनों तक वह बेइज्जती का घूंट पीते रहे, लेकिन नितिन की हरकतों के बाद उन्होंने उसे ठिकाने लगाने की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

    शराब पीकर बेटी को मारता था नितिन

    पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उनकी बेटी मुस्कान आए दिन के झगड़े की कहानी उन्हें बताती थी। नितिन शराब पीकर उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था। इसी कारण से मुस्कान तीन दिन पूर्व नाराज होकर बेहटा हाजीपुर में रहने वाली अपनी बुआ के पास आ गई थी।

    आरोपितों ने बताया कि जब उन्हें यह बात पता चली तो वह बर्दाश्त नहीं कर सके और उन्होंने हत्या की योजना बना ली। उन्होंने अपने दो अन्य भाइयों आसिफ व साजन के साथ मिलकर नितिन की हत्या की।