गाजियाबाद में तय समय से दो दिन पहले मेरठ रोड हुआ वनवे, 6 किमी तक जाम से जूझे लोग
गाजियाबाद में कांवड़ियों की बढ़ती संख्या के कारण मेरठ रोड को तय समय से दो दिन पहले वनवे कर दिया गया, जिससे 6 किमी तक लंबा जाम लग गया। ...और पढ़ें

राजनगर एक्सटेंशन के मुख्य मार्ग पर लगा भीषण जाम। जागरण
HighLights
कांवड़ियों की बढ़ती संख्या पर तीन अगस्त से लागू की नई व्यवस्था
कट और यू-टर्न बंद होने से वाहन चालक परेशान
पांच अगस्त से हल्के वाहनों का डायवर्जन भी होगा लागू
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। कांवड़ियों की संख्या में बढ़ोतरी होने पर पुलिस-प्रशासन ने तय कार्यक्रम से दो दिन पहले ही सोमवार से मेरठ रोड को प्रभावी रूप से वनवे कर दिया। मेरठ से दिल्ली जाने वाली लेन कांवड़ियों के लिए सुरक्षित कर दी गई, जबकि सामान्य यातायात दूसरी लेन और वैकल्पिक मार्गों पर मोड़ दिया गया।
इसके चलते सुबह से ही मेरठ रोड, जीटी रोड, राजनगर एक्सटेंशन और आसपास के मार्गों पर लंबा जाम लग गया। कार्यालय और स्कूल के लिए निकले लोगों को कई किलोमीटर लंबी कतारों में फंसना पड़ा।

गुलधर रेपिड रेल स्टेशन के नीचे दिल्ली मेरठ रोड को वन-वे किये जाने के कारण लगा भीषण जाम। अनिल बराल
सबसे अधिक दबाव मेरठ तिराहे पर रहा। ट्रैफिक पुलिस ने पहले से अधिकांश कट बंद कर दिए थे, जिससे सड़क पार करने और दूसरी ओर जाने वाले वाहन चालकों को लंबा चक्कर लगाना पड़ा।
मेरठ रोड पर कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ने के कारण पूरी व्यवस्था लगभग एकल मार्ग के रूप में संचालित की जा रही है। अब पांच अगस्त से हल्के वाहनों का डायवर्जन लागू होने के बाद यातायात पर और अधिक दबाव बढ़ने की संभावना है।

मोदीनगर में नई व्यवस्था पहले ही दिन लड़खड़ाती नजर आई। सुबह से लागू डायवर्जन के बाद कादराबाद से सीकरी कलां तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कुछ स्थानों पर कुछ सौ मीटर की दूरी तय करने में दो से तीन घंटे तक लग गए।
दिल्ली रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ने से वैकल्पिक मार्गों में भी जाम लग गया। कई वाहन चालक बिना पूर्व जानकारी के रोजाना की तरह निकले थे, जिससे परेशानी और बढ़ गई।
चुनिंदा यूटर्न से ही मिलेगा रास्ता
दिल्ली-मेरठ मार्ग पर शहर में मेरठ तिराहा, मेरठ रोड टी प्वाइंट, राजनगर एक्सटेंशन चौराहा, दुहाई, रोरी, तहसील, राजचौपला, बिसोखर, तिबड़ा रोड, शुगर मिल, सीकरी और काजमपुर के यू-टर्न खुले रखे गए हैं। बाकी सभी यू-टर्न बैरिकेडिंग कर बंद कर दिए गए हैं। इन सभी स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात हैं।
खबरें और भी
वाहनों की थमी रफ्तार तो पैदल ही चल दिए
मेरठ रोड पर सोमवार को वाहनों की रफ्तार थमने की वजह से सवारियों को पैदल ही कई किमी का सफर तय करना पड़ा। मोरटा, दुहाई, मुरादनगर समेत कई इलाकों में सड़क पर वाहन जाम में फंस गए तो सवारियों ने अपना सफर खुद ही सामान लेकर तय करना शुरू कर दिया।
बुधवार से बढ़ेगा डायवर्जन का दायरा
बुधवार सुबह से हल्के वाहनों का डायवर्जन भी लागू हो जाएगा। इसके बाद कई प्रमुख मार्गों पर कार, आटो और अन्य हल्के वाहनों के लिए भी नई यातायात व्यवस्था प्रभावी होगी। यातायात पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने और घर से निकलने से पहले यातायात सलाह देखने की अपील की है।
डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने बताया कि कांवड़ियों की संख्या बढ़ने के कारण यह व्यवस्था लागू की गई है। कुछ स्थानों पर शुरुआती समय में जाम की स्थिति बनी थी, जिसे पुलिस ने मौके पर तैनात रहकर सामान्य कराया। उन्होंने बताया कि बुधवार से हल्के वाहनों का डायवर्जन भी लागू कर दिया जाएगा।