गाजियाबाद में खौफनाक हादसा: NH-9 पर मांझे से कटा युवक का गला, इलाज के दौरान तोड़ा दम
गाजियाबाद के कौशांबी में एनएच-9 पर जानलेवा मांझे से गला कटने से 25 वर्षीय रवि राज की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और पुलिस को कोई तहरीर भी नहीं दी।

मांझे से गला कटे युवक को उठाने का प्रयास करते लोग l वीडियो ग्रैब
HighLights
एनएच-9 पर मांझे से युवक रवि राज की मौत।
गर्दन में पांच सेंटीमीटर गहरा घाव, हड्डी भी कटी।
परिवार ने पोस्टमार्टम और पुलिस शिकायत से किया इनकार।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। कौशांबी थाना क्षेत्र में शनिवार को एनएच-9 पर जानलेवा मांझे से गला कटने पर युवक की मौत हो गई। घटना का 32 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के स्वजन ने पोस्टमार्टम नहीं कराया है। पुलिस ने तहरीर आने पर कार्रवाई की बात कही है।
गाजीपुर मंडी जा रहे थे रवि राज
मूलरूप से बिहार जिला खंगड़िया ग्राम गोपालपुर निवासी रवि राज (25) नोएडा सेक्टर 63 गली नंबर 11 बहरामपुर में किराये पर रहते थे। वह ऑनलाइन डिलीवरी का काम करते थे। शनिवार को वह अपने दोस्त बहरामपुर गली नंबर 14 निवासी नरेश के साथ एनएच-9 होते हुए दिल्ली गाजीपुर मंडी जा रहे थे।
रविराज बाइक चला रहे थे। नरेश बाइक पर पीछे बैठे थे। रविराज ने हेलमेट लगा रखा था। जब वह मीडिया हाउस के पास पहुंचे तो रविराज की गर्दन में जानलेवा मांझा फंस गया। मांझे से गर्दन कटने पर वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया।
पीछे बैठे नरेश ने किसी प्रकार हैंडल संभाल कर बाइक को साइड लगाया। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस उन्हें उपचार के लिए वैशाली मैक्स अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोस्त ने स्वजन को मामले की जानकारी दी। स्वजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे।
स्वजन ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। जिसके बाद स्वजन शव लेकर चले गए। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि स्वजन ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। उनकी ओर से मामले में कोई तहरीर भी नहीं दी गई है। पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शव स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया है।
मांझे से गर्दन की हड्डी भी कटी
जानलेवा मांझे से रविराज की मौत के मामले में 32 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में वह घायल अवस्था में दिखाई दे रहा है। वह बाइक की टंकी में झुका हुआ दिखाई दे रहा है। लोग गमझे को गर्दन में बांध कर खून रोकने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं।
चिकित्सकों ने बताया कि जानलेवा मांझे की धार काफी तेज थी। मांझे से युवक के गले पर करीब पांच सेंटीमीटर का घाव हुआ था। मांझे से गले की हड्डी भी कट गई थी। नसें कटने से खून अधिक बह गया, जिससे रविराज की मौत हो गई।
रोक के बाद बेच रहे जानलेवा मांझा
जानलेवा मांझे की बिक्री पर रोक लगी है। इसके बावजूद इसे लगातार बाजार में बेचा जा रहा है। आरोप है कि मांझा नायलान व सिंथेटिक मेटेरियल से बनता है, जो आसानी से नहीं टूटता। इस पर शीशे (कांच) के चूरे की परत चढ़ाई जाती है, जिससे यह ब्लेड की तरह कट लगाता है।
मांझे से पूर्व में हुए हादसे
- 17 नवंबर 2022 : विजयनगर थाना क्षेत्र के प्रताप विहार में मांझे की चपेट में आकर सीबीआइ के कॉन्स्टेबल की गर्दन कटी। 20 टांके लगे।
- 5 जून 2023 : लोनी थाना क्षेत्र में लक्ष्मी सिनेमा के पास बंथला मार्ग पर फरहद की मांझे से गर्दन कट गई। जीटीबी में चला उपचार।
- 13 अगस्त 2025 : निवाड़ी थाना क्षेत्र में हनुमान मंदिर चौक के पास अंकुर मांझा गले में फंसा।

