गाजियाबाद के बाजारों का सूरतेहाल, ग्राहक हो चाहे दुकानदार...अतिक्रमण से सभी का हाल बेहाल
गाजियाबाद के बाजारों में त्योहारों के दौरान अतिक्रमण के कारण खरीदारों को आवागमन और खरीदारी में भारी परेशानी हो रही है।
-1792473696731_m.webp)
बाजारों में अतिक्रमण ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
गाजियाबाद बाजारों में त्योहारों पर अतिक्रमण से आवागमन बाधित।
फुटपाथ पर सामान, पार्किंग की कमी से जाम की समस्या।
नगर निगम, यातायात पुलिस से स्थायी समाधान की उम्मीद।
अभिषेक सिंह, गाजियाबाद। त्योहार के अवसर पर बाजारों में अतिक्रमण के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसकी वजह से ग्राहकों को खरीदारी में भी दिक्कत हो रही है।
इससे पहले भी कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद बाजार में अतिक्रमण की समस्या से लोगों को राहत नहीं मिल सकी है। त्योहार आते ही बाजार में खरीदारी के लिए रौनक बढ़ गई है। लेकिन, इसी के साथ अतिक्रमण की समस्या भी गंभीर होने लगी है।
लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी
शहर के प्रमुख बाजारों गांधी नगर, घंटाघर, तुराब नगर, चौपला बाजार, डासना गेट बाजार, गोल मार्केट, कविनगर में दुकानदारों द्वारा सड़क और फुटपाथ तक सामान फैलाने तथा अस्थायी ठेलियों के खड़े होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे लोगों को कई जगह पैदल चलने तक की जगह नहीं मिल रही है। इससे बाजारों में जाम की स्थिति बन रही है।
लोगों को हो रही दिक्कतें
बाजारों में दुकानों के बाहर कपड़े, सजावटी सामान, बर्तन और अन्य उत्पाद रखे जाने से फुटपाथ घिर गए हैं। मजबूरी में राहगीरों को सड़क पर चलना पड़ता है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी होती है।
ठेलियों और रेहड़ियों के कारण संकरी सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होती है। त्योहार पर बाजार में खरीदारी के लिए लोग वाहनों से आ रहे हैं। लेकिन, पार्किंग के इंतजाम न होने के कारण उनको सड़क पर ही वाहन पार्क करना पड़ता है। इससे मुख्य सड़क पर भी दिन भर जाम लगा रहता है।
बाजार को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नगर निगम और यातायात पुलिस के समन्वय से नियमित अभियान चलाने की जरूरत है। दुकानदारों को निर्धारित सीमा में सामान रखने, ठेली संचालकों के लिए उचित स्थान तय करने और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने से राहत मिल सकती है। - रजनीश, खरीदार
त्योहारों की खुशियां बरकरार रखने के लिए बाजारों में ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे व्यापार भी प्रभावित न हो और खरीदारों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन मिल सके। - अभिषेक चौधरी, खरीदार
यह भी पढ़ें- यूपी के आगरा में आलू किसानों की बढ़ी चिंता, महंगे बीज और कम भाव से बुकिंग में भारी गिरावट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।