विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

GST की कटौती का असर या कुछ और..., गाजियाबाद में नवरात्र पर वाहनों का पंजीकरण 15% गिरा, सामने आई बड़ी वजह

Published: Wed, 21 Oct 2026 08:07 PM (IST)

गाजियाबाद में नवरात्र के दौरान वाहन पंजीकरण में पिछले साल के मुकाबले 15% की गिरावट दर्ज की गई है। पिछले साल जीएसटी कटौती के कारण बिक्री में तेजी आई थी।

शोरूम में खड़ी गाड़ियां। जागरण

शोरूम में खड़ी गाड़ियां। जागरण

HighLights

  1. गाजियाबाद में नवरात्र पर वाहन पंजीकरण 15% घटा।

  2. पिछले साल की तुलना में 790 कम निजी वाहन पंजीकृत।

  3. जीएसटी कटौती से पिछले साल बिक्री में उछाल आया था।

लक्ष्य चौधरी, गाजियाबाद। नवरात्र में वाहन खरीदारी की रफ्तार इस बार पिछले साल के मुकाबले सुस्त रही। परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल नवरात्र के दौरान मोपेड, दोपहिया और कार समेत कुल 5266 निजी वाहन पंजीकृत हुए थे।

इस साल इन श्रेणियों में वाहनों की संख्या घटकर 4476 रह गई। यानी पिछले साल के मुकाबले 790 वाहन कम पंजीकृत हुए। यह करीब 15 प्रतिशत की गिरावट है। पिछले साल 3445 मोटरसाइकिल और स्कूटर, 1812 कारें और नौ मोपेड पंजीकृत हुए थे।

इस साल 3195 मोटरसाइकिल और स्कूटर, 1274 कारें और सात मोपेड का पंजीकरण हुआ। कारों के पंजीकरण में 538 और दोपहिया वाहनों में 250 की कमी दर्ज की गई। पिछले साल निजी वाहनों पर करीब 25.78 करोड़ रुपये का मोटर वाहन कर निर्धारित हुआ था, जबकि इस साल यह राशि 20.29 करोड़ रुपये रही।

इस साल 432 नए व्यावसायिक वाहन पंजीकृत हुए

यानी कर की निर्धारित राशि में करीब 5.49 करोड़ रुपये की कमी आई। वहीं इस साल जिले में 432 नए व्यावसायिक वाहन पंजीकृत हुए। इन पर 1.43 करोड़ रुपये का मोटर वाहन कर निर्धारित हुआ।

इनमें 162 यात्री तीन पहिया वाहन, 64 मालवाहक वाहन, 57 यात्री ई-रिक्शा और 41 मोटर कैब शामिल हैं। छूट और अन्य समायोजन के बाद कुल राशि करीब 1.01 करोड़ रुपये रही।

निजी वाहनों के पंजीकरण की तुलना (पिछले साल बनाम इस साल)

वाहन श्रेणी पिछले साल इस साल अंतर स्थिति
मोटरसाइकिल/स्कूटर 3,445 3,195 250 कम ↓
कार 1,812 1,274 538 कम ↓
मोपेड 9 7 2 कम ↓
कुल वाहन 5,266 4,476 790 कम ↓
मोटर वाहन कर 25.78 करोड़ 20.29 करोड़ 5.49 करोड़ कम ↓

इस साल पंजीकृत व्यावसायिक वाहन का विवरण

वाहन श्रेणी पंजीकरण संख्या मोटर वाहन कर छूट जुर्माना कुल राशि
ई-रिक्शा (कार्ट सहित) 41 1,79,003 1,79,003 0 0
ई-रिक्शा (यात्री) 57 5,91,066 5,91,066 0 0
तीन पहिया वाहन (यात्री) 162 34,39,898 25,51,338 0 8,88,560
तीन पहिया वाहन (मालवाहक) 47 3,91,444 2,26,092 1,353 1,66,701
मालवाहक वाहन 64 19,35,131 89,023 8,893 18,55,001
मैक्सी कैब 2 1,56,216 0 18,776 1,74,992
मोटर कैब 41 34,37,807 1,49,875 0 32,87,932
बस 9 22,21,260 4,99,820 0 17,21,440
व्यावसायिक निर्माण उपकरण वाहन 9 19,57,693 0 0 19,57,693
कुल 432 1,43,09,514 42,86,217 29,022 1,00,52,319

पिछले साल 10 प्रतिशत घटा था जीएसटी

दिल्ली मेरठ रोड स्थित अक्सान हौंडा के कर्मचारी आशीष दीवान ने बताया कि पिछले साल 22 सितंबर को वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की दरों में एकदम कटौती की गई थी।

पहले वाहनों पर 28 प्रतिशत जीएसटी लगता था, जिसे घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया। जीएसटी में 10 प्रतिशत की इस कटौती से वाहन खरीदना सस्ता हुआ था। इसका असर पिछले साल नवरात्र के दौरान वाहन खरीदारी पर भी देखने को मिला था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।