गाजियाबाद में स्मार्ट मीटर लगवाने से लोगों का साफ इनकार, टीम को झेलना पड़ा भारी विरोध; लौटी वापस
गाजियाबाद के शिवपुरी बिहारीपुरा में इंटेली स्मार्ट कंपनी की टीम को स्मार्ट मीटर लगाने पर उपभोक्ताओं के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। ...और पढ़ें

स्मार्ट मीटर लगाने आई टीम का हुआ विरोध। फोटो- एआई जनरेटेड
HighLights
गाजियाबाद में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची टीम का हुआ विरोध।
उपभोक्ताओं ने रिचार्ज और बिलिंग समस्याओं की आशंका जताई।
विरोध के कारण इंटेली स्मार्ट टीम को वापस लौटना पड़ा।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। जोन-प्रथम के अंतर्गत शिवपुरी बिहारीपुरा क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची इंटेली स्मार्ट कंपनी की टीम को उपभोक्ताओं के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने अपने घरों में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने से साफ इनकार कर दिया और टीम को वापस लौटने पर मजबूर कर दिया।
बुधवार को कंपनी की टीम निर्धारित योजना के तहत क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची थी। जैसे ही टीम ने मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू की, आसपास के लोग एकत्र हो गए और आपत्ति जताने लगे।
उपभोक्ताओं का कहना था कि उन्हें पहले से स्मार्ट प्रीपेड मीटर से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी मिली है, जिसके कारण वे अपने घरों में यह मीटर नहीं लगवाना चाहते। स्थानीय निवासियों के अनुसार, क्षेत्र में तैनात एक मीटर रीडर ने भी उन्हें स्मार्ट मीटर न लगवाने की सलाह दी थी।
विभागीय स्तर पर कर्मी को लेकर नाराजगी जताई
मीटर रीडर ने कथित तौर पर बताया कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को रिचार्ज, बिलिंग और सप्लाई से जुड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी जानकारी के आधार पर कई उपभोक्ताओं ने टीम का विरोध शुरू कर दिया।
मामला बढ़ता देख मीटर लगाने पहुंची टीम ने अपने अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद विभागीय स्तर पर संबंधित कर्मी को लेकर नाराजगी जताई गई।
जोन-प्रथम के मुख्य अभियंता पवन अग्रवाल ने बताया कि उपभोक्ताओं में भ्रम फैलाना अनुचित है और ऐसा करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।