गाजियाबाद के शालीमार गार्डन अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, सुरक्षित बचाए गए 12 लोग
गाजियाबाद के शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-एक में दिशा अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर सोमवार रात आग लग गई, जो चौथी मंजिल तक फैल गई। ...और पढ़ें

गाजियाबाद के शालीमार गार्डन, साहिबाबाद में बिल्डिंग 815 की सबसे ऊपरी मंजिल पर भीषण आग लग गई है। जागरण
HighLights
आग शालीमार गार्डन के दिशा अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर लगी।
शार्ट सर्किट से आग लगने का प्रारंभिक कारण सामने आया।
दमकलकर्मियों ने छत पर फंसे 12 लोगों को सुरक्षित निकाला।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र के शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-एक में चार मंजिला दिशा अपार्टमेंट के तीसरी मंजिल के फ्लैट में सोमवार रात को आग लग गई। तेजी से फैली आग ने चौथी मंजिल के फ्लैट को अपने चपेट में ले लिया। प्रारंभिक जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने का मामला सामने आया है।
बताया जा रहा है कि अचानक आग लगने से कई लोग अंदर फंस गए। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने लोगों को सकुशल बाहर निकालने के बाद करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। लोगों ने दमकल कर्मियों के देर से पहुंचने का आरोप लगाया है।
अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल के फ्लैट में सेवानिवृत्त शिक्षक रामनरेश पटेल परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार शाम करीब सात बजे फ्लैट में अचानक आग लग गई। धुआं और आग के कारण फ्लैट में मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके। हादसे की सूचना दमकल विभाग को दी गई।
आरोप है कि सूचना के काफी देर तक दमकल विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। इस कारण आग चौथी मंजिल पर रहने वाले रवि शंकर के फ्लैट तक पहुंच गई। करीब आधा घंटे बाद दमकल विभाग की टीम दो फायर टेंडर लेकर मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों और पुलिस की टीम ने आग पर बुझाने व फ्लैटों में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया।
खबरें और भी
करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि साहिबाबाद, वैशाली आदि फायर स्टेशन से चार फायर टेंडर को बुलाए गए। करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया गया। 7ः29 पर आग लगने की सूचना मिली थी। 10 मिनट बाद दमकल कर्मी फायर टेंडर के साथ मौके पर पहुंच गए थे। छत पर 12 लोग फंसे हुए थे। दमकल कर्मियों ने उन्हें सुरक्षित निकाल लिया।
सामने के मकान से बुझाई आग
मुख्य अग्नि शमन अधिकारी ने बताया कि आग की तीव्रता अधिक थी। छत पर जाना संभव नहीं था। अपार्टमेंट के सामने वाले मकान की छत पर से आग को बुझाना शुरू किया गया। आग कम होने पर इमारत के अंदर होज पाइप बिछाकर आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया।
आग से फैली अफरा तफरी
अपार्टमेंट हवाई अड्डे की ओर जाने वाले मार्ग पर है। आसपास बाजार है। फ्लैट से आग की लपटें और धुआं निकलते देखकर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग वाहन रोककर आग देखने लगे। सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। जाम की स्थिति बनी देखकर मौके पर पहुंची पुलिस ने यातायात सुचारू कराया।
दमकल कर्मियों पर देरी से पहुंचने का आरोप
शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-एक के व्यापार मंडल से ताल्लुक रखने वाले केशव सक्सेना ने बताया कि करीब सात बजे तीसरी मंजिल पर आग की लपटें व धुआं दिखाई दे रहा था। कुछ ही देर में आग चौथी मंजिल के फ्लैट पर पहुंच गई। करीब आधे घंटे बाद दमकलकर्मी गाड़ियां लेकर मौके पर पहुंचे। अपार्टमेंट में निचली मंजिलों में रहने वाले लोग स्वयं बाहर निकल गए। चौथी मंजिल पर रहने वाले लोग छत पर चले गए थे, जिन्हें दमकल विभाग ने बाहर निकाला।