गाजियाबाद में 500 बच्चों की पढ़ाई पर संकट, नाले के पानी में उतरकर स्कूल पहुंच रहे जेन अल्फा छात्राओं का प्रदर्शन
गाजियाबाद के भोपुरा स्थित शहीद विजय सिंह पथिक स्कूल के छात्रों को एक साल से नाले के गंदे पानी से ...और पढ़ें

गाजियाबाद के भोपुरा की कृष्णा विहार कुटी स्थित शहीद विजय सिंह पथिक स्कूल जाने के लिए नाले के पानी में घुसकर जा रहीं छात्राएं।
HighLights
गाजियाबाद के भोपुरा में छात्र नाले के पानी से स्कूल जाते हैं।
करीब 500 बच्चे गंदे पानी के कारण पढ़ाई छोड़ रहे हैं।
छात्रों ने खराब व्यवस्था के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
राहुल कुमार, साहिबाबाद। दादा-दादी हमें अपने जीवन की कहानियां सुनाते हैं कि वह 19वीं सदी में कैसे स्कूल जाया करते थे। टूटी सड़कें, घुटनों तक भरे पानी से होकर गुजरना पड़ता था, लेकिन वही जद्दोजहद हमें 21वीं सदी में भी झेलनी पड़ रही है। या यूं कहें कि डिजिटल युग चल रहा है, लेकिन व्यवस्थाएं उसी जमाने की हैं।
अब हम भी बड़े होकर अपने बच्चों को वही दादाजी वाली कहानियां दोहराएंगे। ये कहना है राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद के भोपुरा की कृष्णा विहार कुटी स्थित शहीद विजय सिंह पथिक स्कूल जाने के लिए नाले के पानी में घुसकर जा रहे जेन अल्फा का।
उनके हाथों में कलम की जगह दिख रहे जूते पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने प्रदर्शन कर सिस्टम के खिलाफ विरोध जाहिर किया।
सुनवाई के नाम पर केवल आश्वसान
एक तरफ केंद्र और राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ समेत तमाम योजनाएं संचालित कर रही रहीं हैं। दूसरी तरफ स्थानीय अधिकारी जेन अल्फा के भविष्य को डूबोने में कोई कमी नहीं छोड़ रहा है। भोपुरा की कृष्णा विहार कुटी के शहीद विजय सिंह पथिक स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को नाले के पानी में घुसकर पहुंचना पड़ रहा है।

बड़ी संख्या में बच्चे रोजाना इस डर से छुट्टी कर लेते हैं कि उन्हें नाले के पानी में घुसकर स्कूल जाना पड़ेगा। इसको लेकर स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों ने तमाम बार शिक्षा विभाग, नगर निगम और जिला प्रशासन से लेकर जन प्रतिनिधियों तक गुहार लगा चुका है, लेकिन सुनवाई के नाम पर केवल आश्वसान मिल रहा है।
300 मीटर सड़क के टूकड़े को नहीं बनवा पा रहे जिम्मेदार
स्कूल से लेकर भोपुरा लोनी रोड तक करीब 300 मीटर की सड़क पूरी तरह से बदहाल है। करीब एक वर्ष से नाला ओवरफ्लो होकर सड़कों पर गंदा पानी भरा हुआ है। यहां से गुजरने से पहले छात्राओं को जूते पैरों से निकालकर हाथों में लेने पड़ते हैं। इसके बाद यहां से गुजरना पड़ता है। लोगों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार इस टूटी सड़क नहीं बनवा पा रहे हैं।
स्कूल में करीब 400 से 500 बच्चे हैं पंजीकृत
नगर निगम के इस स्कूल में कक्षा एक से आठवीं तक करीब 400 से 500 बच्चे पंजीकृत हैं। भोपुरा की कृष्णा विहार कुटी के अलावा डिफेंस काॅलोनी, पंचशील काॅलोनी, सोनिया विहार समेत आसपास की आठ से 10 कालोनियों की बेटियां यहां पढ़ने के लिए पहुंचती हैं।
