इंदिरापुरम में सीएम ग्रिड सड़क निर्माण से यातायात बाधित, धीमी प्रगति से लोग परेशान
इंदिरापुरम में सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य से जगह-जगह खोदाई और बैरिकेडिंग के कारण भारी जाम लग रहा है। ...और पढ़ें

इंदिरापुरम की एटीएस सोसायटी के पास हो रहा काम। जागरण
HighLights
सीएम ग्रिड कार्य से इंदिरापुरम में सड़कों पर खोदाई।
बैरिकेडिंग और मिट्टी के ढेर से यातायात बाधित।
धीमी प्रगति पर स्थानीय लोग और अधिकारी चिंतित।
शोभित शर्मा, साहिबाबाद। इंदिरापुरम में मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड) के दूसरे चरण के तहत सड़कों को चमकाने का काम चल रहा है। इसके लिए सड़क किनारे पाइपलाइन समेत बिजली के तारों को भूमिगत करने का काम शुरू किया गया है।
ऐसे में तमाम जगह बैरिकेड्स लगाकर सड़कों की खोदाई की गई है, जिससे वाहनों पर ब्रेक लग गया है और इसके अलग-अलग क्षेत्रों में जाम की स्थिति बनी रहती है। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य मुसीबत भरे साबित हो रहे हैं।
कार्य की धीमी रफ्तार से कई तरह की समस्याएं झेलनी पड़ रही हैं। नगर निगम निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एनके चौधरी ने कहा कि सीएम ग्रिड बड़ी योजना है।
इसके पूरा होने के बाद इंदिरापुरम या अन्य जगह की सड़कें माडल होंगी। मिट्टी के ढेर समेत अन्य समस्याओं को दूर करने के लिए कार्यदायी संस्था को कहा गया है।
सीन-1
सड़क किनारे लगे मिट्टी के ढेर
अहिंसाखंड-1 में एटीएस सोसायटी के पास सीएम ग्रिड के तहत चल रहे कार्य के लिए खोदाई की गई है। मिट्टी का ढेर लगने से लोगों के लिए आवाजाही भी मुश्किल हो गई है।
सीन-2
कई जगह पर रास्ते भी हुए बंद
वैभवखंड में एक्सप्रेस गार्डन सोसायटी के पास चल रहे काम से कई जगह रास्ते भी बंद हैं। लोगों का आरोप है कि घूमकर लंबा रास्ता लेना पड़ता है।

इंदिरापुरम की एक्सप्रेस गार्डन सोसायटी के पास हो रहा काम। जागरण
सीन-3
हर दिन लगता है जाम
जयपुरिया सनराइज मार्केट के बीच में सीएम ग्रिड के तहत सड़क किनारे अंडरग्राउंड लाइन के लिए खोदाई की गई है। बैरिकेडिंग से रास्ता छोटा हो गया है और जाम लगा रहता है।
सीन-4
उड़ती धूल से सांस लेना भी मुश्किल
कृष्णा विस्टा और शिप्रा सन सिटी के पास चल रहे निर्माण कार्य से मिट्टी के ढेर लगे हुए हैं। वाहनों के गुजरने पर मिट्टी उड़ने से लोगों का सांस लेना भी मुश्किल हो रहा है।
खबरें और भी
पार्षद ने महापौर के समक्ष रखीं समस्याएं
इंदिरापुरम के वार्ड 79 के पार्षद हरीश कड़ाकोटी ने समस्याओं को दूर करने के लिए बुधवार के दिन महापौर सुनीता दयाल से मिले। उन्होंने सामुदायिक भवन को स्थानीय लोगों के आयोजनों के लिए जल्द से जल्द बुकिंग शुरू करने के लिए बातचीत की। उन्होंने वार्ड में चल रहे विकास कार्यों को तेजी से करवाने के लिए आग्रह किया।
बोले लोग :
जगह-जगह खोदाई होने के बाद रास्तों से निकलना भी मुश्किल हो गया है। सभी जगह काम फैला कर छोड़ दिया गया है।
रोबिन त्यागी, शक्तिखंड-3
हर दिन जाम की समस्या इंदिरापुरम में झेलनी पड़ रही है। सुबह और शाम के समय रास्ता निकलने में भी 20 मिनट का समय लग जाता है।
- कशिश मलिक, नीतिखंड-1
अधिकारियों ने बिना किसी योजना के काम को शुरू करा दिया है। इससे बड़ी आबादी मुसीबत उठा रही है। जलभराव, दूषित पानी जैसी समस्या भी बढ़ी हैं।
- गौरव शर्मा, ज्ञानखंड-2
बैरिकेडिंग से रास्ते काफी छोटे हो गए हैं। कई जगह दुकानदारों के लिए यह मुसीबत साबित हो रहा है। मिट्टी के ढेर से रास्ते बंद हैं और लोग दुकानों पर नहीं जा पा रहे हैं।
- अंकुर त्यागी, मकनपुर
सीएम ग्रिड के तहत यह हो रहे काम
सीएम ग्रिड के दूसरे चरण में वसुंधरा जोन में कौशांबी, इंदिरापुरम और वैशाली में सड़कों को माडल सड़क के तौर पर विकसित किया जा रहा है। काम के शुरुआत में सभी तरह की लाइन को अंडरग्राउंड करने और डक्ट का काम चल रहा है। ट्रांस हिंडन क्षेत्र में करीब 307 करोड़ रुपये योजना के तहत खर्च होंगे।
पिछले दिनों नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निरीक्षण के दौरान कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने मिट्टी के ढेर हटवाने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके हालत वैसे ही बने हुए हैं।