पाकिस्तान की ISI साजिश बेनकाब, दिल्ली-अमृतसर रेलवे ट्रैक पर सेना की गतिविधियों पर थी नजर
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI की दिल्ली से अमृतसर तक सेना की गतिविधियों पर नजर रखने की साजिश बेनकाब हुई। ISI रेलवे स्टेशनों पर सोलर-आधारित कैमरे लगा रही थी।

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
आदित्य त्रिपाठी, गाजियाबाद। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने दिल्ली से अमृतसर तक सेना की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए रची गई साजिश को अंजाम देने से पहले ही वह बेनकाब हो गई। आईएसआई ने दिल्ली से पाकिस्तान के बॉर्डर तक जाने वाले रेलवे स्टेशन अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर, अमृतसर व अटारी पर सोलर बेस्ड कैमरे लगाने की तैयारी पूरी कर ली थी।
वहीं सोमवार को सोनीपत के रेलवे स्टेशन पर भी एक खुफिया कैमरा पकड़ा गया। यह कैमरे आईएसआई द्वारा लगवाया गया है। अंदेशा है कि आईएसआई इन स्टेशनों को बम धमाकों से दहलाने की साजिश रच रही थी।
-1773677354032.jpg)
गाजियाबाद के कौशांबी में इस स्थान पर एकत्रित होते थे जासूसी के आरोपित। जागरण
आईएसआई से मिल रहे थे कैमरे लगाने के निर्देश
आरोपित सोनीपत के बाद अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर सोलर बेस्ट कैमरा लगाने वाले थे। वहीं दिल्ली के सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन पर भी कैमरा लगाने की जानकारी मिली है। हालांकि अभी इसकी जांच चल रही है। पाकिस्तान पर बैठे आईएसआई के एजेंट सुहेल और इरम के सीधे संपर्क में थे।
आईएसआई के कहने पर आरोपितों ने पहले दिल्ली के कैंट रेलवे स्टेशन पर सोलर बेस्ड सीसीटीवी कैमरा लगाया था। इसके बाद आईएसआई ने आरोपितों को पाकिस्तान के बॉर्डर तक जाने वाले रेलवे ट्रैक के स्टेशनों का पूरा दौरा किया था। स्टेशन पर जिन स्थानों पर कैमरे लगाए गए उनकी फोटो और वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेजी गई थी। वहां की लोकेशन भी पाकिस्तान भेजी गई थी।
चांदनी चौक से खरीदने थे कैमरे
स्टेशन पर कैमरा किस स्थान पर और किस दिशा में लगाना है यह भी पाकिस्तान से तय किया जा रहा है। आईएसआई एजेंट ने स्टेशन पर उस स्थान को चिह्नित किया था जहां पर आवागमन ज्यादा है और भीड़ एकत्रित होती है।
अंदेशा है कि भीड़ के साथ वीआईपी मूवमेंट पर भी दुश्मन नजर रखना चाहते थे। आईएसआई ने दिल्ली के चांदनी चौक की दुकान से कैमरे खरीदने के लिए कहा था। हालांकि अभी यह पता नहीं चला है कि चांदनी चौक की वह दुकान कौन सी थी।
कौशांबी के एक ढाबे पर युवाओं को बरगलाया गया था
सुहेल को पाकिस्तान से आदेश मिला था कि वह 16 से 20 वर्ष के युवाओं को लालच देकर उनसे काम कराना है। सुहेल युवाओं को पैसे बांटता था और उन्हें अपने साथ जोड़ने के लिए बरगलाता था। मोटा पैस कमाने का लालच देता था।
गाजियाबाद में भोवापुर में देश के विभिन्न राज्यों के लोग किराये पर रहते हैं। यहां 50 फीसदी लोग किराये के मकान में रहते हैं। यहां पर कामगारों की संख्या भी खासी है। पकड़े गया एक आरोपित राज कौशांबी बस अड्डे के सामने एक पराठे के ढाबे पर काम करता था।
इसी ढाबे के पास भोवापुर के कई अन्य युवा भी काम करते हैं। सुहेल इस ढाबे के आसपास रोज आता और युवाओं से बातचीत कर उन्हें अपने जाल में फंसाता था। सुहेल ने शिवा और राज को भी इसी ढाबे पर बरगलाया था।
माता-पिता को नहीं थी जानकारी
राज और शिवा के स्वजन ने बताया कि उन्हें अपने बेटों के इस काम के बारे में जानकारी नहीं थी। राज के पिता ने बताया कि उनका बेटा रात में ढाबे पर काम करता। वह सुहेल के संपर्क में कब आया पता नहीं। वह अपने बेटे से जेल में मिलकर आए हैं। बेटे ने उनसे बताया कि पहले वह सुहेल से जुड़ गया था, लेकिन जब उसे पता चला कि सुहेल गलत नीयत से उनसे काम करा रहा है तो उसने दूरी बना ली।
360 वाई-फाई तकनीकी से लैस कैमरा लगा मिला
सोनीपत रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-3 के पास ओएचई पोल पर काफी ऊंचाई पर खुफिया कैमरा लगा मिला। यह सोलर बेस्ड 360 वाई-फाई कैमरा (चारों ओर घूमकर रिकार्डिंग करने में सक्षम) तकनीकी से लैस है। मंगलवार को दिल्ली से विशेषज्ञों की टीम पहुंचकर इसकी जांच करेगी। यह कैमरा कई दिन पहले लगाया गया था।
आरपीएफ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसके आसपास सुरक्षा घेरा बना दिया और कैमरे की रिकॉर्डिंग रोकने के लिए उस पर सफेद कपड़ा बांध दिया है। आम लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है। खुफिया कैमरा पकड़ में आते ही सीसीटीवी लगाने वाली एजेंसियों को स्टेशन पर बुलाया गया, लेकिन किसी ने भी इस कैमरे को लगाने की बात स्वीकार नहीं की।
इसी बीच दिल्ली के सराय रोहिल्ला स्टेशन से भी आरपीएफ अधिकारी सोनीपत पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों का कहना है कि सराय रोहिल्ला स्टेशन के पास भी इसी तरह का कैमरा लगा होने की जानकारी मिली है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।