लोनी में बारिश के बाद जलभराव और गंदगी से बढ़ा बीमारियों का खतरा, शिकायतें अनसुनी
लोनी में बारिश के बाद नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे मच्छरों और संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ गया है। ...और पढ़ें

लोनी में सड़क पर नाले का पानी। जागरण
संवाद सहयोगी, लोनी। वर्षा के बाद लोनी में जगह-जगह नगर पालिका की लापरवाही दिख रही है। नालियों का पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे मच्छर पनप रहे हैं और डेंगू और मलेरिया जैसे रोगों का खतरा भी बढ़ा है। लोगों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं की जा रही है।
वर्षा के बाद अधिकांश मोहल्लों में जलभराव, चोक नालियां, सड़कों पर बहता गंदा पानी, कूड़े के ढेर लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। गंदगी और ठहरे पानी से संक्रामक रोगों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। शहर में टूटी गलियों के कारण बारिश का पानी सड़कों पर ही गड्ढ़ों में भर जाता है।
मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ा
इससे पिछले कुछ दिनों से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। शहर में जगह-जगह पर हल्के गड्ढ़े गलियों व सड़कों पर दिखाई दे जाते हैं। जल निकासी की व्यवस्था चौपट होने से लोग परेशानी उठा रहे हैं। आरोप है कि जलभराव वाली जगहों पर न एंटी लार्वा डाले जा रहे न ही फागिंग कराई जा रही है।
जलभराव से मच्छर पनप रहे हैं। लोगों को संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा सता रहा है। नगर पालिका अधिकारी जल निकासी की व्यवस्था नहीं कर रहे।
- मोहित, स्थानीय निवासी
गंदगी से कालोनी में रहना दूभर हो गया है। जल निकासी नही होने के चलते सड़कों पर पानी बह रहा है। शिकायत के बाद भी अधिकारी समाधान नहीं कर रहे, जिससे काफी परेशानी हो रही है।
- अभिषेक, स्थानीय निवासी
खबरें और भी
गलियों में नालियों का निर्माण नहीं होने से घरों से निकलने वाला पानी जगह-जगह भर जाता है। इससे दुर्गंध के साथ ही बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।
- राजीव मिश्रा, स्थानीय निवासी
वर्षा के कारण कई स्थानों पर जलभराव हो गया है। 14 स्थानों पर जेनरेटर पंप से जल निकासी कर फागिंग व एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है।
- राजकुमार, सफाई निरीक्षक नपा लोनी