विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 15, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi-Meerut Expressway: लिवर फटने से बहा ज्यादा खून, महिला की मौत; DME की रेलिंग तोड़ 20 फीट नीचे गिरी थी बस

By Jagran NewsEdited By: Pooja Tripathi
Published: Fri, 15 Sep 2023 10:55 AM (IST)

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर बृहस्पतिवार को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई बिजनौर की महिला की इलाज के ...और पढ़ें

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे हादसे में एक महिला की मौत। जागरण
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे हादसे में एक महिला की मौत। जागरण

HighLights

  1. बृहस्पतिवार को डीएमई पर हुआ हादसा
  2. शाम सढ़े चार के बाद हुआ हादसा
  3. अधिकांश घायलों की टूटी हड्डी

गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर बृहस्पतिवार को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई बिजनौर की महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई है।

महिला की पहचान बिजनौर की रहने वाली 50 वर्षीय संतोष के रूप में हुई है। डिप्टी सीएमओ डॉ. चरन सिंह ने बताया कि गंभीर रूप से घायल संतोष को पहले कवि नगर स्थित सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन देर रात को हालत बिगड़ने पर उन्हें संतोष मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

दरअसल हादसे में महिला का लीवर फट जाने से अधिक खून बह गया था, जो उनकी मौत का कारण बना। उनके अलावा दो वर्षीय बच्ची और उसकी मां आरती और खुशनुमा की भी हालत बेहद गंभीर है। बस के चालक प्रदीप को भी आईसीयू में रखा गया है और उसकी हालात बेहद नाजुक है।

क्या है पूरी घटना

दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे (डीएमई) की रेलिंग तोड़कर अनियंत्रित बस 20 फीट नीचे जा गिरी। हादसा डिडवारी में रेस्ट एरिया से 700 मीटर पहले बृहस्पतिवार शाम साढ़े चार बजे के बाद हुआ। घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई।

चार बजकर 40 मिनट पर मिली सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी और घायलों को उनकी स्थिति देखते हुए तीन अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया।

बस में 43 लोग बैठे थे, जिनमें नवजात समेत 27 घायल हुए हैं। घायलों में 24 बिजनौर के रहने वाले हैं। सात लोगों की हालत गंभीर है।

किसी की हड्डी टूटी तो कोई हुआ लहूलुहान

एसीपी मसूरी नरेश कुमार ने बताया कि मेरठ डिपो की बस बिजनौर से मेरठ होते हुए दिल्ली जा रही थी। चालक प्रदीप कुमार और परिचालक सुबोध बस पर तैनात थे।

डीएमई पर डिडवारी के करीब पहुंची बस अचानक रेलिंग तोड़कर 20 फीट नीचे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। कुछ राहगीर रुके और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस, एनएचएआइ और स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची और लोगों को बस से निकालकर अस्पताल भिजवाया। घटना के तुरंत बाद के वीडियो सामने आए हैं, जिनमें घायल जमीन पर लेटे हुए कराह रहे हैं।

26 लोग गाजियाबाद में भर्ती

घायलों में अधिकांश की हड्डी टूटी है, जबकि कई लहूलुहान भी हो गए हैं। घायलों को जिला एमएमजी अस्पताल, जिला संयुक्त चिकित्सालय और कवि नगर स्थित सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे में मामूली खरोंच वाले लोग घटनास्थल से ही स्वजन के साथ चले गए, जबकि 26 लोगों को गाजियाबाद के अस्पतालों में भर्ती कराया गया और सुबोध को स्वजन मेरठ के अस्पताल ले गए हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।