यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 06, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अंतिम चेतावनी पर भी अफसरों ने नहीं दिया GDA की खाली संपत्तियों का ब्यौरा, अब होगी कार्रवाई
Ghaziabad News गाजियाबाद प्राधिकरण ने कई योजनाओं से संबंधित खाली पड़ी संपत्तियों का ब्योरा देने के लिए 31 अगस्त तक की तारीख दी थी। लेकिन इसके बाद भी ...और पढ़ें

HighLights
- रिक्त संपत्तियों का ब्योरा लेने के लिए बुलाई बैठक।
- बैठक में ब्योरा न देने पर कार्रवाई की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं की खाली पड़ी संपत्तियों का ब्योरा जीडीए वीसी अतुल वत्स ने 31 अगस्त तक देने के निर्देश दिए थे। यह जानकारी लगातार तीसरी बार मांगी गई, लेकिन ब्योरा प्रस्तुत नहीं किया गया। इस मामले में अपर सचिव ने शुक्रवार को संपत्ति अनुभाग के अधिकारियों व बाबुओं की बैठक बुलाई है।
29 जुलाई तक मांगी गई थी जानकारी
बता दें की जीडीए वीसी (GDA News) के आदेश पर अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने संपत्ति अनुभाग के पटल सहायक, अधिकारी और बाबुओं को पत्र लिखकर प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं में रिक्त संपत्तियों की जानकारी 29 जुलाई तक मांगी थी, जो तय तिथि बीत जाने के बावजूद संबंधित अनुभाग के अधिकारी और बाबुओं ने नहीं दी।
इसके बाद उन्होंने अगला पत्र जारी करते हुए सात अगस्त तक सूची देने के लिए कहा गया। तय तिथि के बावजूद अधिकारियों व बाबुओं ने इसकी कोई सूची तैयार कर नहीं सौंपी। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने 31 अगस्त की तिथि तय करते हुए कहा कि रिक्त पड़ी संपत्तियों की विस्तृत जानकारी की सूची अगर नहीं सौंपी गई तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को अधिकारी व बाबुओं की बुलाई गई बैठक
फिर से आदेश कोरा साबित हुआ और अधिकांश ने कोई ब्योरा उपलब्ध नहीं कराया। इस मामले में जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को अधिकारी व बाबुओं की बैठक बुलाई गई है। ताकि रिक्त संपत्तियों का ब्योरा लिया जा सके। बैठक में ब्योरा न देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।