विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 02, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'यह मकान बिकाऊ है'; Ghaziabad में घरों पर क्यों चस्पा किए गए पलायन के पोस्टर? वजह भी है खास

Published: Wed, 02 Apr 2025 11:34 AM (IST)

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में घरों पर पलायन के पोस्टर चस्पा करने का मामला सामने आया है। गाजियाबाद जिले ...और पढ़ें

गाजियाबाद के लोनी में शराब के ठेके के विरोध में घरों पर पलायन के पोस्टर चस्पा किए गए। जागरण फोटो
गाजियाबाद के लोनी में शराब के ठेके के विरोध में घरों पर पलायन के पोस्टर चस्पा किए गए। जागरण फोटो

HighLights

  1. शराब ठेका खुलने के विरोध में "मकान बिकाऊ" का चस्पा पर्चा।
  2. कॉलोनी में शराब ठेके के विरोध में महिलाओं ने प्रदर्शन किया।
  3. वसुंधरा सेक्टर तीन में ठेका खोलने की तैयारी में विभाग।

संवाद सहयोगी, लोनी (गाजियाबाद)। गाजियाबाद जनपद के लोनी में नगर पालिका के वार्ड नंबर-16 की विकास कुंज सी-ब्लॉक कॉलोनी के लोगों ने शराब ठेके के विरोध में मंगलवार को दूसरे दिन भी धरना-प्रदर्शन जारी रखा। वहीं, लोगों ने अपने घरों को बेचने और पलायन करने के पोस्टर चस्पा कर दिए हैं। 

लोगों का कहना है अगर जल्द ही ठेका बंद नहीं किया गया तो घरों को बेचकर चले जाएंगे। लोगों ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर ठेका बंद कराने की गुहार लगाई है। कॉलोनी में सुबह से शाम तक महिलाओं ने धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद देर शाम तक सभी महिलाएं घर चलीं गईं। 

मकानों पर चस्पा किए पोस्टर 

वहीं, घर जाकर लोगों ने अपने मकानों पर पोस्टर चस्पा किए। उन पर लिखा कि यह घर बिकाऊ है, क्योंकि हमारे नजदीक शराब का ठेका खुल रहा है। इसके बाद हमारी बहन और बेटी असुरक्षित हो जाएंगी। हम यहां से पलायन कर रहे हैं। 

(लोनी की विकास कुंज सी-ब्लाक कॉलोनी में शराब ठेके के विरोध में प्रदर्शन करतीं महिलाएं। सौ. सुधी पाठक)

लोगों ने बताया कि बेहटा हाजीपुर नहर किनारे शराब का नया ठेका शुरू कर दिया गया है। इससे कॉलोनी में नशे की लत, चोरी, गाली-गलौज जैसी घटनाएं बढ़ जाएंगी। बेहटा नहर मार्ग से रोजाना बहन बेटियां गुजरती हैं, जिनका आना-जाना दुश्वार हो जाएगा। कॉलोनी मार्ग पर लूटपाट जैसी घटनाएं भी बढ़ जाएंगी। इस मौके पर भूरो, बबीता, इंद्रा, नरेश, मंजू, संजू, सुनीता, संतोष, राजेश, कमलेश, सुधा, कोमल आदि मौजूद रहीं।

शराब ठेके के विरोध में किया प्रदर्शन

साहिबाबाद में वसुंधरा सेक्टर-तीन के लोगों ने मंगलवार को शराब का ठेका खोलने के विरोध में प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि अगर आबादी के बीच ठेका खुला, तो इससे परेशानी झेलनी पड़ेगी। बाहरी असामाजिक तत्वों के साथ ही स्थानीय लोग भी शराब पीकर हुड़दंग करेंगे, जिससे महिलाएं सुरक्षित नहीं रहेंगी। 

(वसुंधरा सेक्टर- तीन में शराब की दुकान खुलने का विरोध करते लोग। जागरण)

वसुंधरा सेक्टर तीन के केएसएन स्क्वायर सोसायटी के लोग सुबह करीब नौ बजे एकत्रित हुए। करीब दो घंटे तक आबकारी विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने बताया कि यहां ठेका खोलने के लिए कार्य शुरू कर दिया गया है। जबकि आबादी के बीच ठेका खोलने का कोई नियम नहीं है। अगर यहां शराब का ठेका खुल जाएगा तो आपराधिक घटनाएं बढ़ जाएंगी। महिलाओं को घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाएगा। वह खुद को घर से बाहर निकलते हुए असुरक्षित महसूस करेंगी। इससे बहुत ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ेगी। 

यह भी पढ़ें- कर्ज मुक्त हुआ GDA, चुकाया 1500 करोड़ का लोन; अब तेजी से होगा गाजियाबाद का विकास

लोगों ने इसकी शिकायत आबकारी विभाग में करते हुए शराब का ठेका न खोलने की अपील की है। लोगों का कहना है कि अगर ठेका खोला गया तो मजबूरन धरने पर बैठना पड़ेगा। एओए अध्यक्ष राजीव कसाना, उपाध्यक्ष संजीव, सचिव सुनील जैन आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- Bulldozer Action: साहिबाबाद में जमकर गरजा बुलडोजर, चंद मिनटों में ध्वस्त किया नगर निगम का MRF सेंटर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।