नेशनल हाईवे बना ऑटो स्टैंड! NH-9 पर रोज लग रहा भीषण जाम, बेबस दिखे गाजियाबाद के लोग; ट्रैफिक पुलिस मौन
एनएच-9 पर ऑटो चालकों की मनमानी और बेतरतीब पार्किंग से लगातार जाम लग रहा है, जिससे आम लोग परेशान हैं। ...और पढ़ें

एनएच-9 पर जाम से मिले मुक्ति।
HighLights
ऑटो चालकों की मनमानी से एनएच-9 पर जाम।
पुलिसकर्मी मूकदर्शक, आम वाहन चालकों पर कार्रवाई।
त्योहारी सीजन में भी अतिरिक्त पुलिस बल नहीं।
आशुतोष गुप्ता, साहिबाबाद। एनएच-9 पर लगातार लग रहे जाम से आम आदमी परेशान है लेकिन दो जिलों की यातायात पुलिस को इससे फर्क नहीं पड़ रहा। ऐसा लगाता है कि यहां पुलिस नहीं बल्कि ऑटो चालकों का राज चलता है। ऐसा हम नहीं कह रहे बल्कि यहां की हकीकत बयां कर रही है।
एनएच-9 ऑटो चालकों की मनमर्जी से जाम लग रहा है और लोग इससे परेशान हो रहे हैं, लेकिन यह समस्या पुलिस को दिखाई नहीं दे रही है। हाइवे पर कई प्वाइंट्स पर पुलिसकर्मियों की तैनाती तो है लेकिन वह ऑटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करते जबकि आम वाहन चालक के चालान करते हैं। जाम लगने की स्थिति में ये मूकदर्शक बने रहते हैं।
दैनिक जागरण की टीम ने बृहस्पतिवार को एनएच-9 पर पड़ताल की तो रोड इंजीनियरिंग के साथ जाम का मुख्य कारण ऑटो चालकों का बेतरतीब वाहन खड़ा करना दिखाई दिया।
ऑटो ड्राइवर बने परेशानी की वजह
एनएच-9 पर नोएडा सेक्टर 62 कट और इंदिरापुरम साया गोल्ड सोसायटी के सामने ऑटो चालक सबसे अधिक परेशानी का सबब बन रहे हैं। यहां ये लोग बेलगाम हैं, इन पर कार्रवाई करने वाला कोई नहीं है। ऑटो चालकों की मनमर्जी के कारण पूरा मार्ग घिर जाता है और वाहन चालकों को निकलने में दिक्कत होती है।
सेक्टर 62 कट पर करीब 200 मीटर पहले से ऑटो चालकों की लाइन शुरू होती है और कट को ये लोग पूरी तरह से घेरे रहते हैं। कट पार करने के बाद भी यही हाल है। ऑटो चालकों कई-कई लेन में खड़े होकर जाम लगाते हैं। वहीं साया गोल्ड के पास रोडवेज बसों को बेरिकेडिंग के भीतर खड़ा कराया जाता है लेकिन इसके बाहर ऑटो चालक मार्ग को घेरे खड़े रहते हैं।
इन दोनों स्थानों पर यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती तो की गई है लेकिन, इनकी मौजूदगी का कोई लाभ लोगों को नहीं मिल रहा। पुलिसकर्मियों का खौफ ऑटो चालकों में नहीं दिखाई देता। पुलिस कभी ऑटो को मार्ग से हटाती भी है तो ये दोबारा मार्ग घेरकर जाम लगाते हैं।
यही हाल इंदिरापुरम की तरफ कनावनी कट और ठीक इसके विपरीत नोएडा में छिजारसी कट का भी है। यहां भी पुलिस की जगह ऑटो चालकों का साम्राज्य चलता है और उनकी मनमानी से आम आदमी जा से जूझने का मजबूर है।
त्योहारी सीजन में भी नहीं की गई अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती
त्योहारी सीजन में यातायात का दबाव तो बढ़ा लेकिन एनएच-9 पर यातायात पुलिसकर्मियों की संख्या में इजाफा नहीं हुआ। इस कारण प्रतिदिन जाम लग रहा है और लोगों को परेशानी हो रही है।
पुलिस ने त्योहारों को लेकर बड़े-बड़े दावे तो किए लेकिन सब हवा-हवाई साबित हुए। आने वाले समय में यातायात का दबाव और बढ़ेगा और ऐसी स्थिति में अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती जरूरी है।
एनएच-9 पर ऑटो चालक पूरी सड़क घेर कर खड़े होते हैं। लगातार हार्न बजाने के बाद भी रास्ते से नहीं हटते। इनके कारण जाम लगता है। पुलिस काे इन पर कार्रवाई करनी चाहिए।
-यतिन पंडित, इंदिरापुरम
एनएच-9 पर रोजाना जाम से परेशानी होती है। कोई भी ऐसा समय नहीं है जब यहां से आराम से निकल जाएं। एनएच-9 के जाम को समाप्त करने के लिए अच्छी पहल होनी चाहिए।
-अंशुमान बोस, इंदिरापुरम
ऑटो चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाती है। यातायात संचालन के लिए एनएच-9 पर मुख्य स्थानों पर यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। निरीक्षण कर बेहतर सुधार के लिए व्यवस्था कराई जाएगी।
-त्रिगुण बिसेन, डीसीपी ट्रैफिक, गाजियाबाद
एनएच-9 पर सेक्टर 62 समेत अन्य प्वाइंट्स पर निरीक्षण कराकर बेतरतीब खड़े होने वाले ऑटो चालकों पर कार्रवाई कराई जाएगी। जाम समाप्त करने के लिए योजना बनाकर काम किया जाएगा।
-सैय्यद अली अब्बास, डीसीपी ट्रैफिक, गौतमबुद्ध नगर
यह भी पढ़ें- साहिबाबाद : भूमि विवाद में हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता की हत्या, 280 वर्ग गज प्लॉट के लिए चली गोली; 4 गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के साहिबाबाद में पाइपलाइन लीकेज से हाहाकार, गंदे पानी की सप्लाई से 20 हजार लोग बेहाल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।