सूर्या की मां बोलीं- असद के शव का फोटो दिखाओ, तब मानूंगी एनकाउंटर
खोड़ा में छात्र सूर्या के हत्यारोपी असद के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद सूर्या की मां ने पुलिस कार्रवाई पर संतुष्टि जताई, लेकिन शव का फोटो दिखाने की म ...और पढ़ें
-1780282033874_m.webp)
सूर्या की मां सरोज ठाकुर। फोटो- जागरण
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। खोड़ा में हुई छात्र सूर्या की हत्या के मुख्य आरोपित के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद खोड़ा में रविवार को हिंदूवादी नेताओं के आने-जाने का सिलसिला लगा रहा। दिन भर नवनीत विहार में लोगों की भीड़ एकत्र रही और लोग हत्या के विरोध में नारेबाजी करते रहे।
सूर्या की मां सरोज ठाकुर को जब आरोपित असद के मुठभेड़ में मारे जाने की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर संतुष्टि जताई। उन्होंने कहा कि असद के शव का फोटो दिखाओ तभी मानूंगी की उसका एनकाउंटर हो गया है।
आरोपितों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग
वहीं उन्होंने अन्य आरोपितों के एनकाउंटर की मांग की और आरोपितों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने जो आश्वासन दिया है वह सभी मांगे पूरी की जाएं। सुरक्षा की दृष्टि से खोड़ा में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस की टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही हैं।
सूर्या की हत्या के बाद शनिवार को कई हिन्दू संगठन के पदाधिकारी स्वजन से मिलने पहुंचे और आरोपितों के एनकाउंटर की मांग की थी। पुलिस-प्रशासन के आश्वासन के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए भेजा गया। देर रात मुठभेड़ में असद मारा गया। इसके बाद सूर्या की मां ने संतुष्टि जताई ओर कहा उन्होंने कहा कि हत्यारों ने मेरा सहारा छीन लिया। ऐसा ही इनके साथ होना चाहिए।
खबरें और भी
छावनी बना खोड़ा क्षेत्र
सूर्या हत्याकांड में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपित पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया है। जबकि एक आरोपित फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। हिन्दू संगठनों के पदाधिकारियों का लगातार आना जाना लगा हुआ है।
सुरक्षा की दृष्टि से खोड़ा की नवनीत विहार और अन्य कॉलोनियों में थाना पुलिस के अलावा, आरपीएफ तैनात किया गया है। एडिशनल सीपी राजकरण नैय्यर पूरे दिन खोड़ा में रहकर गतिविधियों पर निगाह बनाए रखे। इसके साथ ही सूर्या की फोटो पर दिन भर पुष्पांजलि दी जाती रही।
जाम लगाने का किया प्रयास
हिन्दू संगठनों के पदाधिकारी पुलिस से वार्ता करने थाने पहुंचे। वहां से वापस आने के दौरान पदाधिकारियों ने एनएच-नौ की सर्विस रोड पर जाम लगाने का प्रयास किया। पदाधिकारियों ने तीन बार जाम लगाने का प्रयास किया लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाकर शांत कर दिया। जिससे जाम नहीं लग सका।
आरोपित के स्वजन फरार
आरोपित असद की सौतेली मां, भाभी और अन्य स्वजन फरार हैं। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है। उधर मृतक का शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। पुलिस ने आरोपित के बुलंदशहर निवासी चाचा शाहबुद्दीन से संपर्क किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव उनके सुपुर्द किया जाएगा।
नहीं होने देंगे जुमे की नमाज
खोड़ा पहुंचे हिन्दू संगठन के पदाधिकारियों ने घटना से नाराजगी जताते हुए जमकर नारेबाजी की। पदाधिकारियों ने खोड़ा में जुमे की नमाज न होने देने की बात कही है। जिससे बाद से तनाव की स्थिति बनी हुई है।
प्रशासनिक टीम ने किया निरीक्षण
जिला प्रशासन की टीम आरोपितों की जानकारी करने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपित के पिता का एक मकान था। जिसे छह माह पहले बेच दिया गया था। फिलहाल परिवार किराए पर रहता है। टीम परिवार से संबंधित जानकारी निकालने में लगी है।
पीड़ित स्वजन से मिले कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा व सांसद
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा व सांसद अतुल गर्ग रविवार को मृतक के स्वजन से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार को सांत्वना दी और कहा कि वह इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद की घोषणा की और कहा कि प्रशासन हर संभव मदद का प्रयास कर रहा है। उन्होंने इस संबंध में साथ पहुंचे जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ को निर्देश दिए।
रविवार को मुठभेड़ के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, इसमें एक युवक हत्या करने व जेल जाने की बात कह रहा है। इस वीडियो को असद का बताकर प्रसारित किया गया, बाद में जांच में यह वीडियो दिल्ली की एक पुरानी घटना के बाद का निकला।