गाजीपुर में शस्त्र लाइसेंस की पत्रावली गायब कराने के आरोप मुख्तार की पत्नी पर भी मुकदमा
मुख्तार अंसारी की पत्नी अफ्शां अंसारी और दो अन्य पर शस्त्र लाइसेंस की मूल पत्रावली गायब कराने का मुकदमा दर्ज हुआ है। यह कार्रवाई मुख्तार के गैंग से जु ...और पढ़ें

गाजीपुर में मुख्तार अंसारी की पत्नी अफ्शां पर शस्त्र लाइसेंस पत्रावली गायब करने का आरोप।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। मुख्तार अंसारी के गैंग ईएस-191 के सदस्यों और सहयोगियों को जारी शस्त्र लाइसेंसों की जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर पुलिस ने मुख्तार की पत्नी अफ्शां अंसारी समेत तीन लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि शस्त्र लाइसेंस और शस्त्रों के क्रय-विक्रय से संबंधित मूल पत्रावली को साजिश के तहत जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के अभिलेखागार से गायब कराया गया, जिससे शस्त्रों की वर्तमान स्थिति का सत्यापन प्रभावित हुआ।
माफिया गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दिवंगत माफिया मुख्तार अंसारी, उसके परिजनों तथा आईएस-191 गैंग के सदस्यों एवं सहयोगियों को जारी कुल 51 शस्त्र लाइसेंसों की जांच कराई जा रही है। इसके लिए अपर पुलिस अधीक्षक नगर और ग्रामीण के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।
जांच के दौरान कुछ शस्त्रों की वर्तमान स्थिति का पता नहीं चल सका। साथ ही शस्त्रों के क्रय-विक्रय में अनियमितता और संबंधित मूल अभिलेखों के गायब होने के तथ्य सामने आए। आरोप है कि तत्कालीन शस्त्र लिपिकों को प्रभाव में लेकर आपराधिक षड्यंत्र के तहत लाइसेंस और क्रय-विक्रय की मूल पत्रावली अभिलेखागार से हटवा दी गई, ताकि संबंधित शस्त्रों का दुरुपयोग किया जा सके।
इसी क्रम में मुख्तार की पत्नी अफ्शां अंसारी को जारी शस्त्र लाइसेंस संख्या 1054/पी-11 से संबंधित अभिलेखों के गायब होने तथा उस लाइसेंस पर खरीदे गए एनपीबी रिवाल्वर की वर्तमान स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर अफ्शां अंसारी, तत्कालीन पटल सहायक प्रथम बृजनारायण राम (सेवानिवृत्त, मृतक) और तत्कालीन पटल सहायक द्वितीय भीष्म सिंह यादव के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।
खबरें और भी
पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है। आइएस-191 गैंग से जुड़े अन्य शस्त्र लाइसेंसों और शस्त्रों का भौतिक सत्यापन एवं जांच अभी जारी है। जांच में जहां-जहां अनियमितता मिलेगी, वहां संबंधित लोगों के खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।