विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजीपुर में विद्युत चेकिंग में 15 अवैध कनेक्शन मिले, FIR दर्ज कराने की तैयारी शुरू

Updated: Thu, 20 Aug 2026 10:43 PM (IST)

गाजीपुर के सागापाली गांव में विद्युत विभाग ने चेकिंग अभियान चलाकर 55 घरों की जांच की, जिसमें 15 अवैध कनेक्शन पाए गए। इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की तैयारी है, विभाग ने उपभोक्ताओं से वैध कनेक्शन लेने और मीटर सही रखने की अपील की है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. गाजीपुर में 55 घरों की विद्युत चेकिंग की गई।

  2. अभियान में 15 अवैध बिजली कनेक्शन पकड़े गए।

  3. अवैध कनेक्शन धारकों पर एफआईआर दर्ज होगी।

जागरण संवाददाता, कासिमाबाद (गाजीपुर)। बरेसर थाना क्षेत्र के सागापाली गांव में गुरुवार को विद्युत विभाग की टीम ने नायब तहसीलदार और पुलिस टीम के साथ सघन विद्युत चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान करीब 55 घरों के विद्युत कनेक्शन और मीटर की जांच की गई।

जांच में 15 लोगों के अवैध रूप से विद्युत कनेक्शन चलाने की पुष्टि हुई। विभाग की ओर से इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।

उपखंड अधिकारी मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि विद्युत चोरी और अवैध कनेक्शन के कारण क्षेत्र में ट्रांसफार्मर पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है। इससे बार-बार ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ने और विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने की समस्या सामने आ रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपने विद्युत कनेक्शन और मीटर की स्थिति सही रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता का मीटर खराब है, जल गया है या कनेक्शन का तार क्षतिग्रस्त है तो उसे तत्काल ठीक कराया जाए। उपभोक्ता उपखंड कार्यालय में शिकायत दर्ज कराने के साथ ही विद्युत विभाग के हेल्पलाइन नंबर 1912 पर शिकायत कर मीटर बदलवा सकते हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि जांच के दौरान मीटर में बाईपास या किसी अन्य तरीके से विद्युत चोरी पाए जाने पर नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

एसडीओ ने बताया कि जिन लोगों के पास अभी तक विद्युत कनेक्शन नहीं है, वे ऑनलाइन आवेदन कर वैध कनेक्शन प्राप्त कर लें। उन्होंने ग्रामीणों से अवैध कनेक्शन के बजाय नियमानुसार विद्युत कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करने की अपील की।

चेकिंग अभियान में उपखंड अधिकारी मनोज कुमार वर्मा, नायब तहसीलदार कौशल चौरसिया, अवर अभियंता श्याम अवध यादव, विवेक खरवार सहित विद्युत विभाग के कर्मचारी और पुलिस टीम शामिल रही।

यह भी पढ़ें- GDA की 173वीं बोर्ड बैठक आज, हरनंदीपुरम टाउनशिप और 4 लेन एलिवेटेड रोड समेत कई प्रस्तावों पर लगेगी मुहर