Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    फार्मर रजिस्ट्री को लेकर प्रशासन सख्त, गाजीपुर के गांवों में जांच करने पहुंचे डीएम

    Updated: Sun, 26 Apr 2026 07:33 PM (IST)

    गाजीपुर के खानपुर क्षेत्र में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने हथौड़ा और सिधौना गांवों में फार्मर रजिस्ट्री कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों को सरका ...और पढ़ें

    फार्मर रजिस्ट्री का जायजा लेने पहुंचे डीएम।

    फार्मर रजिस्ट्री का जायजा लेने पहुंचे डीएम।

    HighLights

    1. डीएम ने गाजीपुर के गांवों में फार्मर रजिस्ट्री जांची।

    2. किसानों के लिए पंजीकरण सरकारी लाभ हेतु अनिवार्य।

    3. शेष पंजीकरण व त्रुटि सुधार जल्द करने के निर्देश।

    जागरण संवाददाता, खानपुर (गाजीपुर)। क्षेत्र के हथौड़ा और सिधौना गांव में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने फार्मर रजिस्ट्री कार्य की जांच-पड़ताल की। हथौड़ा गांव में रविवार को 14 किसानों की रजिस्ट्री होने पर उन्होंने संतोष जताया और शेष किसानों का रजिस्ट्रेशन जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

    ग्रामीण किसानों को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि सभी किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य है। इसके बाद ही उन्हें खाद, बीज, फसल बीमा, कृषि आपदा राहत और ऋण जैसी सरकारी सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

    इसके बाद एसडीएम सैदपुर ज्योति चौरसिया के साथ डीएम सिधौना गांव पहुंचे, जहां उन्होंने लेखपाल और पंचायत सचिव से फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की जानकारी ली।

    उन्होंने निर्देश दिया कि जो किसान गांव से बाहर रहते हैं, उनके परिवार से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज मंगाकर रजिस्ट्री कराई जाए। डीएम ने खतौनी में नाम संशोधन सहित अन्य त्रुटियों के तत्काल निराकरण के भी निर्देश दिए।

    साथ ही सिधौना की पंचायत सहायक भारती मिश्रा के निधन से रिक्त हुए पद समेत जनपद के सभी पंचायत सहायकों के रिक्त पदों को दो दिन के भीतर भरने की प्रक्रिया पूरी करने को कहा। बीडीओ धर्मेंद्र यादव, एडीओ पंचायत रमेश सिंह, नायब तहसीलदार सैदपुर, लेखपाल व पंचायत सचिव आदि रहे।