Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गाजीपुर में डंपर ने ली निजी चिकित्सक की जान, जमानियां हाईवे पर नौ घंटे तक चक्का जाम, मुआवजे की मांग

    Updated: Wed, 29 Jul 2026 10:32 PM (IST)

    गाजीपुर में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से एक निजी चिकित्सक की मौत हो गई, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जमानियां हाईवे को नौ घंटे तक जाम रखा। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. तेज रफ्तार डंपर ने निजी चिकित्सक को कुचला, मौत।

    2. आक्रोशित ग्रामीणों ने जमानियां हाईवे नौ घंटे जाम किया।

    3. नाले निर्माण से संकरे मार्ग को हादसे का कारण बताया।

    जागरण संवाददाता, गाजीपुर। गाजीपुर-जमानियां-सैयदराजा राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर बुधवार को गरुआ मकसूदपुर गांव के समीप तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से 40 वर्षीय निजी चिकित्सक की मौके पर ही मौत हो गई।

    हादसे के बाद डंपर चालक वाहन सहित फरार हो गया। इससे नाराज ग्रामीणों ने करीब 9.30 बजे हाईवे जाम कर दिया। एसडीएम जमानियां निधि और सीओ अंकित कुमार के काफी समझाने के बाद करीब नौ घंटे बाद 5.30 बजे जाम समाप्त हुआ।

    यह है पूरी घटना

    ढढ़नी भानमल राय गांव निवासी संजय राम निजी कार्य से बाइक से गाजीपुर जा रहे थे। विपरित दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि हेलमेट पहनने के बावजूद उनके सिर में गंभीर चोट आई और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

    सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।आक्रोशित ग्रामीणों और स्वजन ने शव को राजमार्ग पर रखकर जाम लगा दिया,जिससे गाजीपुर-जमानियां मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

    वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। संजय राम तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। वह ढढ़नी में एक निजी क्लीनिक संचालित कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। पत्नी उर्मिला व पुत्र आदर्श हैं।

    छोटे भाई अक्षय उर्फ मिंटू ने आरोप लगाया कि राजमार्ग किनारे नाले के निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढों और सड़क पर फैली मिट्टी के कारण मार्ग संकरा हो गया है। इसी वजह से यह हादसा हुआ।

    एसडीएम निधि, क्षेत्राधिकारी अंकित तिवारी, क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार, तहसीलदार रामनारायण वर्मा और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने जाम समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। उनकी मांगों में डंपर चालक की गिरफ्तारी, ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करना और स्वजन को आर्थिक सहायता प्रदान करना शामिल था।

    सीओ जमानियां अनिल कुमार ने बताया कि हादसे के बाद फरार डंपर चालक और वाहन की तलाश की जा रही है। जमानियां एसडीएम निधि के उचित आश्वासन के बाद करीब 5.30 बजे जाम समाप्त हुआ। इसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।

    खबरें और भी