गाजीपुर में दशहरा पर 60 फुट के रावण होगा दहन, Facebook और YouTube पर सीधा प्रसारण
गाजीपुर के लंका मैदान में विजयादशमी पर 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला बटन दबाकर इस एतिहासिक आयोजन का समापन करेंगे।

दशहरा पर 60 फुट के रावण होगा दहन।
HighLights
गाजीपुर में 20 अक्टूबर को 60 फीट रावण दहन।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला करेंगे रावण के पुतले का दहन।
कार्यक्रम का फेसबुक और यूट्यूब पर होगा सीधा प्रसारण।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। विजयादशमी पर मंगलवार यानी 20 अक्टूबर को लंका मैदान में 60 फीट के विशालकाय रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी की ओर से आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में राम-रावण युद्ध के बाद जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला बटन दबाकर रावण का दहन करेंगे।
रात आठ बजे होने वाले इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए तैयारियां की गई हैं। रामलीला कमेटी ने नगरवासियों से सपरिवार पहुंचकर विजयादशमी की पारंपरिक लीला का साक्षी बनने की अपील की है।
कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि रामलीला मंचन के 15वें दिन लंका मैदान स्थित 65 फीट के रावण बाड़े में राम-रावण युद्ध की लीला होगी। इसके बाद जिलाधिकारी के हाथों रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।
शाम सात बजे तक ही दुर्गा प्रतिमाओं का प्रवेश
कमेटी ने दुर्गा पूजा समितियों से अपील की है कि मां दुर्गा की प्रतिमाएं प्रभु श्रीराम को आशीर्वाद देने की परंपरा के तहत गेट नंबर चार से लंका मैदान में लाई जाएं। प्रतिमाओं को शाम सात बजे तक ही मैदान में प्रवेश की अनुमति होगी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर इसके बाद गेट बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद रावण बाड़े में राम-रावण युद्ध की पारंपरिक लीला का मंचन शुरू होगा और रात आठ बजे पुतला दहन किया जाएगा।
एलईडी स्क्रीन पर दिखेगा कार्यक्रम
आयोजन को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए लंका मैदान में दो बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं। इसके साथ ही विजयादशमी कार्यक्रम का फेसबुक और यूट्यूब पर सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। कमेटी ने लोगों से त्योहार को आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। भीड़ को देखते हुए अभिभावकों से छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।