गाजीपुर में ताइक्वांडो खिलाड़ी किशोर लापता, ताड़ीघाट पुल पर मिली साइकिल; अपहरण की आशंका से हड़कंप
गाजीपुर में ताइक्वांडो खेलने घर से निकला किशोर दिव्यांश यादव लापता हो गया; उसकी साइकिल ताड़ीघाट पुल पर लावारिस मिली ...और पढ़ें

HighLights
किशोर दिव्यांश यादव ताइक्वांडो खेलने निकला, फिर लापता।
ताड़ीघाट पुल पर उसकी साइकिल लावारिस हालत में मिली।
परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई, पुलिस पर सवाल।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के समनापुर रौजा निवासी किशोर दिव्यांश यादव रविवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। वह घर से ताइक्वांडो खेलने के लिए साइकिल लेकर निकला था, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने तलाश शुरू की तो ताड़ीघाट पुल पर बीच सड़क उसकी साइकिल लावारिस हालत में खड़ी मिली। किशोर का मोबाइल फोन भी लगातार स्विच आफ मिलने से परिजन अनहोनी की आशंका में परेशान हैं। उन्होंने अपहरण की आशंका जताते हुए मामले की जांच की मांग की है।
यह है पूरा मामला
परिजनों के मुताबिक, दिव्यांश को सोमवार को एक खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए जम्मू जाना था। रविवार शाम करीब छह बजे उसके मोबाइल पर ताइक्वांडो शिक्षक और एक मित्र का फोन आया था। इसके करीब आधे घंटे बाद, शाम 6:30 बजे वह साइकिल लेकर घर से निकला। कुछ देर बाद परिजनों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई।
खोजबीन के दौरान ताड़ीघाट पुल पर उसकी साइकिल सड़क के बीचोंबीच खड़ी मिली, जबकि दिव्यांश का कहीं पता नहीं चला। साइकिल मिलने की जगह और किशोर के अचानक लापता होने से परिजनों की चिंता बढ़ गई।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने नदी में कूदने की आशंका को खारिज करते हुए कहा कि बीच सड़क पर साइकिल मिलना कई सवाल खड़े करता है। हालांकि, किशोर के लापता होने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
तीन घंटे तक डटे रहे 50 से अधिक लोग, पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
दिव्यांश का सुराग नहीं मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों समेत 50 से अधिक लोग करीब तीन घंटे तक ताड़ीघाट पुल पर जुटे रहे। इस दौरान पुलिस की कार्यशैली को लेकर लोगों में नाराजगी दिखी। ग्रामीणों का आरोप है कि पुल से मात्र 50 मीटर की दूरी पर ही पुलिस चौकी है लेकिन सूचना देने के करीब दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय चौकी इंचार्ज चौकी पर मौजूद नहीं थे।
