गाजीपुर में हमीद सेतु के कायाकल्प का काम शुरू, वाहनों का डायवर्जन; एक सप्ताह में बदलेगी पुल की तस्वीर
गाजीपुर में गंगा नदी पर स्थित हमीद सेतु का व्यापक कायाकल्प कार्य एनएचएआई ने शुरू कर दिया है, जिससे हजारों वाहन चालकों को सुरक्षित और सुगम सफर मिलेगा। ...और पढ़ें

हमीद सेतु के कायाकल्प का काम शुरू।
HighLights
एनएचएआई ने हमीद सेतु का कायाकल्प कार्य शुरू किया।
पुरानी परत हटाकर नई वेयरिंग कोट बिछाई जाएगी।
एक सप्ताह में कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित।
जागरण संवाददाता, रेवतीपुर (गाजीपुर)। गंगा नदी पर स्थित हमीद सेतु के व्यापक कायाकल्प का कार्य भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने शुरू कर दिया है। पहले चरण में पुल की पुरानी ऊपरी परत हटाकर मशीनों की सहायता से नया वेयरिंग कोट बिछाया जाएगा, जिसे पूरी तरह समतल किया जाएगा।
इससे सेतु से गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों और बाइक सवारों को झटकों व हिचकोलों से राहत मिलेगी तथा सफर अधिक सुरक्षित और सुगम होगा।
एनएचएआई के अनुसार ऊपरी सतह का कार्य पूरा होने के बाद पैदल पथ की मरम्मत, डेंटिंग-पेंटिंग, लोहे की रेलिंग की मरम्मत तथा प्रकाश व्यवस्था के लिए लगाए गए एलईडी पोलों की रंगाई-पुताई भी कराई जाएगी, जिससे पुल की संरचना और सौंदर्य दोनों में सुधार होगा। करीब 1050 मीटर लंबा डबल लेन हमीद सेतु कैंटीलीवर सस्पेंडेड तकनीक पर आधारित है। यह 14 पिलरों और 52 बेयरिंग पर टिका है।
बिहार और पूर्वांचल के बीच महत्वपूर्ण संपर्क कड़ी माने जाने वाले इस पुल से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। कायाकल्प कार्य पूरा होने के बाद आवागमन अधिक सुरक्षित होने के साथ दुर्घटनाओं में कमी आने और यातायात की गति बढ़ने की उम्मीद है।
निर्माण कार्य के दौरान सेतु के दोनों ओर वाहनों का डायवर्जन किया गया है। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस बल की तैनाती की गई है।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक अजय सिंह ने बताया कि हमीद सेतु के व्यापक कायाकल्प का कार्य शुरू कर दिया गया है। निर्धारित एक सप्ताह के भीतर इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह भी पढ़ें- पूर्व क्रिकेटर प्रवीण कुमार की कालोनी में भी जलभराव... पानी में तैर रहे सांप