'दलितों-पिछड़ों का हक छीना तो सबसे बड़ा गुंडा बनूंगा', गाजीपुर में बोले ओमप्रकाश राजभर
यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने गाजीपुर में कहा कि अगर कोई अति पिछड़े और दलित समाज के ...और पढ़ें

समाजसेवी रणजीत सिंह के निधन पर स्वजन से शोक प्रकट करते पंचायती राजमंत्री ओमप्रकाश राजभर।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अगर कोई अति पिछड़े और दलित समाज के लोगों का अधिकार छीनने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ वह पूरी ताकत से लड़ाई लड़ेंगे। इसके लिए यदि उन्हें सबसे बड़ा गुंडा भी कहा जाए तो उन्हें इसकी परवाह नहीं है। उनके लिए सबसे बड़ा गुंडा हूं जो अति पिछड़ा व दलितों का अधिकार छिनना चाहते हैं।
शक्कापुर गांव में आयोजित अति पिछड़ा सम्मेलन मे कहा कि गरीब, वंचित और पिछड़े समाज के लोगों को उनका हक दिलाना उनकी प्राथमिकता है। उनके अधिकारों की रक्षा के लिए वह किसी भी हद तक संघर्ष करने को तैयार हैं।
प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करते हुए दावा किया कि योगी आदित्यनाथ तीसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि गाजीपुर की सातों विधानसभा सीटों पर भी जीत हासिल की जाएगी।
कैबिनेट मंत्री ने अपने क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि विधायक निधि का इस्तेमाल नाली, खड़ंजा, सड़क निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों में किया गया है। किसी भी विद्यालय में कमीशन लेकर विधायक निधि का पैसा नहीं दिया गया है। विकास कार्यों में पारदर्शिता उनकी प्राथमिकता रही है।
कासिमाबाद-मरदह मार्ग का उदाहरण देते हुए विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास और समाज के कमजोर वर्गों को उनका अधिकार दिलाना उनकी राजनीति का मुख्य उद्देश्य है। अति पिछड़े समाज को संगठित होकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की जरूरत है।
जिला अध्यक्ष सुरेश राजभर, सालिक यादव, शिवकुमार यादव मामा, वेदव्यास बिंद, अमरजीत बिंद, वशिष्ठ बिंद, संतोष यादव, सिंहासन राम, छोटेलाल राजभर, सदानंद पासवान आदि लोग मौजूद रहे। अध्यक्षता वेदव्यास बिंद व संचालन रामदहिन पासवान ने किया।
मंत्री ने समाजसेवी के निधन पर जताया शोक
पंचायतीराजमंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सेमऊर गांव निवासी समाजसेवी रणजीत सिंह के निधन पर घर पहुंचकर शोक संवेदना प्रकट की और श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके भतीजे पप्पू सिंह, राजकुमार सिंह झाबर, राजू सिंह से शोक प्रकट किया।ओमप्रकाश राय, जयशंकर सिंह, नंदलाल शर्मा, दिनेश सिंह आदि मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।