राकेश यादव ने लद्दाख की 20 दुर्गम चोटियों पर फहराया तिरंगा, 23 दिन में रचा कीर्तिमान
गाजीपुर के पर्वतारोही राकेश यादव ने कर्नल रणवीर सिंह जम्वाल के नेतृत्व में लद्दाख की 20 अनारोही चोटियों पर 23 दिन में चढ़ाई कर इतिहास रचा।

खानपुर: लद्दाख की चोटी पर तिरंगा फहराते राकेश यादव।
HighLights
राकेश यादव ने लद्दाख की 20 अनारोही चोटियां फतह कीं।
कर्नल रणवीर सिंह जम्वाल ने अभियान का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया।
राष्ट्रीय पर्वतारोहण संस्थान की यह तीसरी विश्वस्तरीय उपलब्धि है।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। जिले के पर्वतारोही राकेश यादव ने लद्दाख के दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र में देश का नाम रोशन करने वाली उपलब्धि हासिल की है। अरुणाचल प्रदेश के दिरांग स्थित राष्ट्रीय पर्वतारोहण एवं साहसिक खेल संस्थान की टीम ने महज 23 दिनों में 6000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली 20 ऐसी चोटियों पर पहली बार चढ़ाई की जहां इससे पहले किसी पर्वतारोही के पहुंचने का रिकार्ड नहीं था। इस ऐतिहासिक अभियान में गाजीपुर के राकेश यादव भी टीम के सदस्य रहे।
अभियान का नेतृत्व संस्थान के निदेशक कर्नल रणवीर सिंह जम्वाल ने किया। टीम ने लद्दाख के बेहद कठिन और दुर्गम इलाकों में अभियान चलाया। कम तापमान, कठिन मौसम, अधिक ऊंचाई और जोखिम भरे पर्वतीय रास्तों के बीच पर्वतारोहियों ने लगातार प्रयास करते हुए 20 अनारोही चोटियों पर सफलता हासिल की।

महज 23 दिनों में इतनी अधिक ऊंचाई वाली 20 चोटियों पर पहली बार चढ़ाई इस अभियान की प्रमुख उपलब्धि रही। संस्थान के अनुसार यह उसकी लगातार तीसरी विश्वस्तरीय उपलब्धि है जिसे तीन वर्षों में हासिल किया गया है। अभियान में राकेश यादव की भागीदारी गाजीपुर के लिए भी गौरव का विषय है।
कठिन पर्वतीय परिस्थितियों में उन्होंने टीम के साथ अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि से जिले के युवाओं में पर्वतारोहण और साहसिक खेलों के प्रति रुचि बढ़ने की उम्मीद है। लद्दाख की इन दुर्गम चोटियों पर पहली बार चढ़ाई करने वाले अभियान में गाजीपुर की भागीदारी जिले के लिए विशेष उपलब्धि बन गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।