विनोद साहनी हत्याकांड में शव सड़क पर रख प्रदर्शन करने वालों पर कार्रवाई, दो नामजद समेत 60 पर FIR
गोंडा के रेक्सडिया गांव में विनोद साहनी की मौत के बाद, उनके शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने के ...और पढ़ें
HighLights
विनोद साहनी की मौत के बाद सड़क पर शव रखकर जाम लगाया।
काजल निषाद, राजा निषाद सहित 60 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज।
जाम से एंबुलेंस फंसी, सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।
जागरण संवाददाता, गोंडा। रेक्सडिया गांव निवासी व बर्तन कारोबारी विनोद साहनी की मौत के बाद अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच सड़क पर शव रखकर जाम लगाने के मामले में काजल निषाद और राजा निषाद के साथ करीब 50 से 60 अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
परसपुर थाने के उपनिरीक्षक आकाश दीप ने दी गई तहरीर में कहा कि रेक्सडिया निवासी विनोद कुमार साहनी के साथ नौ सितंबर को मारपीट हुई थी। उपचार के दौरान 10 सितंबर को उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवारीजन गांव लेकर पहुंचे।
11 सितंबर की सुबह अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान काजल निषाद, राजा निषाद और 50 से 60 अज्ञात आरोपित मृतक के घर पहुंचे। पुलिस का आरोप है कि लोगों को बरगलाकर शव घर से उठवाया गया और दोपहर करीब 12 बजे चचरी-भौरीगंज मुख्य मार्ग पर रख दिया गया। इसके बाद भीड़ ने सड़क अवरुद्ध कर दी।
एफआइआर के अनुसार, कई घंटे तक आम लोगों और वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा। एंबुलेंस के फंसने तथा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न होने का भी उल्लेख तहरीर में है। थानाध्यक्ष केजी राय ने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।