सड़क हादसे में गई युवक की जान, अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हुई मौत
गोंडा के नवाबगंज में एक युवक की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
नवाबगंज में अज्ञात वाहन से युवक की मौत।
सुबह दिहाड़ी मजदूरी पर जाते समय हादसा हुआ।
पुलिस ने अज्ञात चालक पर मुकदमा दर्ज किया।
संवाद सूत्र, जागरण नवाबगंज (गोंडा)। लौव्वा वीरपुर के मजरे नकहा निवासी एक युवक की सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। श्यामनारायण ने बताया कि उनके बड़े भाई देवनारायण यादव उम्र लगभग 35 वर्ष शनिवार की सुबह पौने सात बजे दिहाड़ी मजदूरी के लिए घर से निकले थे।
कोल्ड स्टोर चौराहे पर पैदल सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। तेज रफ्तार वाहन के नीचे दबकर मौके पर ही उनकी मौत हो गयी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस व परिजनों को दी। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने क्षत-विक्षत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मृतक दो भाई व तीन बहनों में सबसे बड़ा था। तीन बहनों व भाई का विवाह हो चुका है। छोटी बहन सावित्री ने बताया कि बड़े भाई आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में मजदूरी करते थे। 10 दिन पहले घर आये थे। माता पिता की तीन वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। मृतक की शादी गंगा देवी के साथ हुई थी।
12 साल दोनों साथ रहे, कोई संतान नहीं हुई। उसके बाद वह छोड़कर चली गयी। तबसे वह छोटे भाई के साथ रह रहे थे। घर में छोटे भाई की पत्नी रेखा, दो बच्चे अजीत व सृजल हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने कहा अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसी टीवी कैमरे से वाहन की पहचान कराई जा रही है।