गोरखनाथ मंदिर में मनाया जाएगा गुरु पूर्णिमा, शिष्य और गुरु दोनों भूमिका होंगे सीएम योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ बुधवार को गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में गुरु पूर्णिमा मनाएंगे, जहां वे शिष्य और गुरु दोनों भूमिकाओं में दिखेंगे। वे नाथपंथ के गुरुओ ...और पढ़ें

मंगलवार को गोरखनाथ मंदिर में अपने गुरु ब्रह्मलीन अवेद्यनाथ की पूजा-अर्चना करते सीएम योगी आदित्यनाथ l सौ. गोरखनाथ मंदिर
HighLights
सीएम योगी गोरखनाथ मंदिर में गुरु पूर्णिमा मनाएंगे।
वे गुरु और शिष्य दोनों भूमिकाओं में होंगे।
मंदिर में विशेष पूजा, राम कथा पूर्णाहुति, सहभोज होगा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गुरु-शिष्य परंपरा की नींव पर स्थापित गोरक्षपीठ यानी गोरखनाथ मंदिर में गुरु पूर्णिमा का पर्व बुधवार को पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर में परंपरा से जुड़े धार्मिक अनुष्ठान होंगे। गोरक्षपीठाधीश्वर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस अवसर पर शिष्य और गुरु, दोनों ही भूमिकाओं में नजर आएंगे। वह पहले शिष्य के रूप में नाथपंथ के आदि गुरु महायोगी गुरु गोरखनाथ, अपने ब्रह्मलीन गुरुजनों और पीठ के पूर्ववर्ती महंतों का विधि-विधान से पूजन करेंगे, इसके बाद गुरु के रूप में साधु-संतों, शिष्यों और भक्तों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
गुरु पूर्णिमा उत्सव पर गोरखनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का क्रम बुधवार की सुबह पांच बजे से प्रारंभ होगा। गोरक्षपीठाधीश्वर सबसे पहले गुरु गोरखनाथ का विशिष्ट पूजन करेंगे। इसके उपरांत परंपरा के अनुसार श्रीनाथजी को रोट अर्पित किया जाएगा। बाद में मंदिर परिसर स्थित सभी देव विग्रहों, नाथपंथ के योगियों तथा ब्रह्मलीन महंतों की समाधियों पर भी विशेष पूजा होगी। सामूहिक आरती के साथ यह अनुष्ठान सुबह करीब सात बजे तक चलेगा।
गुरु पूजन के बाद मुख्यमंत्री की मौजूदगी में सुबह लगभग नौ बजे से महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में 23 जुलाई से चल रही सात दिवसीय श्रीराम कथा की पूर्णाहुति होगी। कथा समापन के बाद गोरक्षपीठाधीश्वर का आशीर्वचन तथा भजन कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। दोपहर 12:30 बजे से मंदिर परिसर में सहभोज का आयोजन भी किया गया है।
गोरक्षपीठ के लिए गुरु पूर्णिमा का विशेष महत्व माना जाता है। नाथ संप्रदाय में गुरु को ही ईश्वर का स्वरूप माना गया है और गुरु-शिष्य परंपरा इसकी मूल आधारशिला है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रत्येक वर्ष अपनी प्रशासनिक व्यस्तताओं के बावजूद गुरु पूर्णिमा पर गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर अपने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा अर्पित करते हैं और शिष्यों को आशीर्वाद देते हैं।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- गोरखनाथ मंदिर में गुरु पूर्णिमा की धूम, गोरक्ष पीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ पूजन कर शिष्यों को देंगे आशीर्वाद
मंदिर प्रबंधन के अनुसार गुरु पूर्णिमा उत्सव में प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा नेपाल सहित देश के अनेक हिस्सों से साधु-संत और श्रद्धालु शामिल होंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा दर्शन, पूजन और सहभोज के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। गुरु पूर्णिमा महोत्सव को लेकर गोरखनाथ मंदिर में मंगलवार से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया है।