Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 14, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    गोरखपुर में CM योगी ने अधिकारियों के साथ की बैठक, बोले- समय से पूरा करें निर्माण कार्य, न बढ़ने पाए लागत

    By Jagran NewsEdited By: Pragati Chand
    Updated: Mon, 14 Aug 2023 09:15 AM (IST)

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों के प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य समय से पूरे ...और पढ़ें

    अधिकारियों के साथ बैठक करते सीएम योगी आदित्यनाथ। सौ. सूचना विभाग
    अधिकारियों के साथ बैठक करते सीएम योगी आदित्यनाथ। सौ. सूचना विभाग

    गोरखपुर, जागरण संवाददाता। तीन दिवसीय यात्रा पर गोरखपुर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार की शाम गोरखनाथ मंदिर में अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों के प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य समय से पूरे किए जाएं। समय से काम न होने पर लागत बढ़ती है। यह नौबत न आए। निर्माण की गुणवत्ता का भी ध्यान रखा जाए। उन्होंने बिजली निगम के अधिकारियों से कहा कि निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और फाल्ट आने पर उसे जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए।

    सभी परियोजनाओं के बारे में ली जानकारी

    मुख्यमंत्री ने एक-एक कर जिले में चल रही सभी बड़ी परियोजनाओं के बारे में जानकारी ली। सैनिक स्कूल, आयुष विश्वविद्यालय, पालिटेक्निक, फ्लाईओवर, रेल ओवरब्रिज, पैडलेगंज-नौसढ़ मार्ग चौड़ीकरण, देवरिया बाईपास चौड़ीकरण, सिक्सलेन फ्लाईओवर, जेल बाईपास रोड के चौड़ीकरण की प्रगति के बारे में उन्हें विस्तार से बताया गया। मुख्यमंत्री ने शहर में जलभराव की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली। नगर निगम की ओर से बताया गया कि जलनिकासी के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। सभी टीमों को निगरानी रखने के लिए कहा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कहीं भी जलभराव नहीं होना चाहिए। लोगों को तत्काल राहत दी जाए।

    बिजली उपभोक्ताओं को न होने पाए परेशानी

    मुख्यमंत्री ने गीडा द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में पूछा। गीडा सीईओ की ओर से अब तक किए गए कार्यों और आगे की योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। जीडीए के कार्यों के बारे में पूछने पर बताया गया कि राप्तीनगर विस्तार टाउनशिप एवं स्पोर्ट्स सिटी योजना का शिलान्यास सितंबर महीने में कराने की तैयारी है। इसी तरह कन्वेंशन सेंटर को लेकर सभी तैयारी सितंबर के अंत तक पूरी कर ली जाएगी। बिजली निगम के मुख्य अभियंता को निर्देश दिया कि लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। ट्रांसफार्मर बदलने में देरी पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि इसे जल्द से जल्द बदला जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को बिजली का बिल समय से एवं सही मिलना चाहिए।

    गोड़धोइया नाला : जलनिकासी के साथ लोगों के हित का रखें ध्यान

    बैठक में गोड़धोइया नाला को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संबंध में जो निर्देश दिया गया है, उसी अनुसार कार्य किया जाए। ऐसी व्यवस्था करें कि जलनिकासी भी हो जाए और लोगों का हित भी न प्रभावित हो।

    खबरें और भी