Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 18, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    विकास में बैरियर बनने वालों को बेनकाब कर रही सरकार, गोरखपुर में बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

    By Jagran NewsEdited By: Pragati Chand
    Updated: Mon, 18 Sep 2023 08:47 AM (GMT+05:30)

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि छह साल पहले गोरखपुर और यूपी की क्या पहचान थी यह किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने कानू ...और पढ़ें

    गोरखपुर में लोकार्पण व शिलान्यास समारोह को संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। -जागरण
    गोरखपुर में लोकार्पण व शिलान्यास समारोह को संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। -जागरण

    HighLights

    1. मुख्यमंत्री बोले- बेटियों के साथ छेड़खानी करने वालों का इंतजार करते मिलेंगे यमराज
    2. लापरवाही बरतने वाले अफसरों को दी चेतावनी, मानक के अनुसार कराए जाएं विकास कार्य

    गोरखपुर, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक कल्याण और विकास को समर्पित डबल इंजन सरकार के समर्पण और संकल्प को दोहराया। सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ नागरिकों को उनका कर्तव्यबोध कराया। विकास कार्यों में बाधा बनने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि परियोजनाओं में बैरियर बनने वालों को सरकार बेनकाब कर रही है। नागरिक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तो यह काम स्वत: हो जाएगा।

    CM योगी ने पिछली सरकार पर बोला हमला

    गोरखपुर में 343 करोड़ रुपये की 76 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था पर भी बात की। कहा कि जिस किसी ने बेटियों के साथ छेड़खानी की, अगले चौराहे पर यमराज उसका इंतजार करते मिलेंगे। मानसरोवर के रामलीला मैदान में रविवार शाम चार बजे आयोजित लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास को गोरखपुर और उत्तर प्रदेश की पहचान बताया। पिछली सरकार पर हमलावर हुए योगी ने कहा कि छह वर्ष पूर्व तक गोरखपुर और यूपी की पहचान क्या थी, यह किसी से छिपा नहीं है। पीएम मोदी के मार्गदर्शन में हमने अपनी नई पहचान बनाई है। जो परियोजनाएं दशकों से लंबित थीं, वह अब पूरी हो रही हैं।

    लापरवाही बरतने वाले अफसरों को दी चेतावनी

    अफसरों को चेतावनी देते हुए बोले-विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कार्यदायी संस्था कोई भी हो, उसे मानक व गुणवत्ता के साथ कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध होना होगा। मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने वालों को भी कड़ा संदेश दिया। कहा कि कानून संरक्षण के लिए है, लेकिन कानून को बंधक बनाकर व्यवस्था में सेंध लगाने का प्रयास करने की इजाजत किसी को नहीं है। छेड़खानी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कहा कि बेटियों से छेड़खानी करने वाले किसी भी दशा में बख्शे नहीं जाएंगे। अगले चौराहे पर उनकी मुलाकात यमराज से हो जाएगी, जो शोहदों को साथ ले जाएंगे।

    सीएम ने कहा कि बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों को हाईक्लास पब्लिक स्कूल जैसा बनाने के लिए उनका कायाकल्प कराया जा रहा है। इंटर कालेजों में स्मार्ट क्लास और डिजिटल लाइब्रेरी का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। गोरखपुर में स्पोर्ट्स कालेज के साथ स्पोर्ट्स कांप्लेक्स बन रहा है। फर्टिलाइजर कैम्पस में सैनिक स्कूल बन रहा है। चार विश्वविद्यालय यहां संचालित हैं।

    खबरें और भी

    सफाईकर्मियों व लाभार्थियों का किया सम्मान

    सीएम ने नगर निगम के सफाईकर्मियों को उपहार किट देकर सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, प्रतीकात्मक चाबी, चेक आदि वितरित किए। उन्होंने नगर निगम की सहभागिता वाले इंडियन स्वच्छता लीग के टीशर्ट का विमोचन किया।

    इसे भी पढ़ें, UP News: CM योगी ने गोरखपुर पर की सौगातों की बारिश- 76 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास, इतना होगा खर्च

    इसे भी पढ़ें, गोरखपुर विश्वविद्यालय का 42वां दीक्षा समारोह आज, कुलाधिपति के हाथों 11 टॉपरों के गले में सजेंगे 32 गोल्ड मेडल

    छह साल पहले रामलीला मैदान पर हो रहा था कब्जा, आज बना भव्य मंच

    गोरखपुर के विकास कार्यों से मुख्यमंत्री गदगद हैं। कहा कि गोरखपुर विकास की एक नई सोच दे रहा है। आज जिस रामलीला मैदान में लोकार्पण व शिलान्यास का कार्यक्रम हो रहा है, उस पर छह साल पहले कब्जा हो रहा था। आज यहां भव्य मंच बना है। गोरखपुर से 14 जहाज उड़ रहे हैं। आज बारिश की वजह से हेलीकाप्टर नहीं उड़ पा रहा था। यदि जहाज नहीं उड़ते तो ऐसी स्थिति में मैं कार्यक्रम में नहीं आ पाता। जहाज से फटाफट आ गया।

    ये बोले मुख्यमंत्री : सहजनवां में अटल आवासीय विद्यालय बन गया है, फर्टिलाइजर परिसर में सैनिक स्कूल बन रहा है। जब भी आता हूं गीडा में नई फैक्ट्री का उद्घाटन करता हूं। स्वच्छ व सुंदर गोरखपुर बनाने का संकल्प लें नागरिक

    महापौर ने पहनाई टोपी पर खूब हंसे

    इंडियन स्वच्छता लीग 2.0 की शुरुआत के साथ ही महापौर डा. मंगलेश श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को टोपी पहनाई और टीशर्ट सौंपा। इस पर सांसद रविकिशन शुक्ल बोले कि महापौर ने सभी को टोपी पहना दी है। इस पर मुख्यमंत्री समेत समेत सभी हंस पड़े। मुख्यमंत्री ने भी चुटकी ली। कहा कि एक फिल्म बनाई जाए जिसमें व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष पुष्पदंत जैन हीरो बनें और रविकिशन शुक्ल विलेन। अपने संबोधन में रविकिशन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसे लोग सदियों में अवतरित होते हैं। दोनों नेतृत्वकर्ता नि:स्वार्थ त्यागी हैं। यह सिर्फ जनता के बारे में सोचते हैं। इस दौरान विधायक श्रीराम चौहान, महेंद्रपाल सिंह, विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल, एमएलसी डा.धर्मेंद्र सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, पार्षद पवन त्रिपाठी, नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल आदि मौजूद रहे।