सीएम योगी ने गोरखपुर में सुनी जनता की समस्याएं, बोले- हर जरूरतमंद को मिले आयुष्मान कार्ड और इलाज में सहायता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में जनता दर्शन के दौरान 150 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण ...और पढ़ें
HighLights
मुख्यमंत्री योगी ने जनता दर्शन में 150 लोगों की समस्याएं सुनीं।
अधिकारियों को हर जरूरतमंद का आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए।
इलाज के लिए विवेकाधीन कोष से भी सहायता उपलब्ध कराने को कहा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन में करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे लोगों को उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र और जरूरतमंद लोगों का आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता से बनवाया जाए। आयुष्मान योजना से इलाज की सुविधा मिलने के बाद भी आवश्यकता होने पर विवेकाधीन कोष से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रार्थना पत्रों का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतुष्टिप्रद तरीके से किया जाए।

दिव्यांग की पेंशन बहाल कराने के निर्देश
देवरिया से आए एक दिव्यांग ने इलाज के लिए सहायता मांगी। बातचीत में आयुष्मान कार्ड न होने की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने तत्काल उसका कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। दिव्यांग ने बताया कि उसे पहले पेंशन मिलती थी, जो किसी कारण से बंद हो गई है। इस पर मुख्यमंत्री ने पेंशन बहाल कराने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।
यह भी पढ़ें- यूपी में निजी वाहन मालिकों को बड़ी राहत, परिवहन विभाग ने फिटनेस टेस्ट का बदला नियम
गोशाला में गोवंश को खिलाया गुड़
गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री ने गुरु गोरखनाथ और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ का आशीर्वाद लिया। इसके बाद गोशाला में गोसेवा की। उन्होंने गोवंश को अपने हाथ से गुड़ खिलाया और कार्यकर्ताओं से उनके स्वास्थ्य व टीकाकरण की जानकारी लेकर देखभाल के जरूरी निर्देश दिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।