'बेटियों की शिक्षा पर निवेश ही प्रदेश का भविष्य', CM योगी बोले- 2017 के बाद बदला UP का परिदृश्य
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित और समर्थ नारीशक्ति ही राष्ट्र के सुरक्षित वर्तमान और उज्ज्वल भविष्य की ...और पढ़ें

सीएम योगी आदित्यनाथ। जागरण
HighLights
स्वस्थ, शिक्षित नारीशक्ति से राष्ट्र का भविष्य उज्ज्वल: सीएम योगी।
डबल इंजन सरकार ने बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य सुधारा।
ऑपरेशन कायाकल्प से प्राथमिक विद्यालयों में सुविधाएं बढ़ीं।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जगतजननी मां भगवती के स्कंदमाता स्वरूप को वात्सल्य, ममता और पोषण की अधिष्ठात्री देवी बताया। उन्होंने कहा कि मां स्कंदमाता की आराधना हमें यह पावन संदेश देती है कि जब नारीशक्ति स्वस्थ, शिक्षित और समर्थ होती है, तभी राष्ट्र का वर्तमान सुरक्षित और भविष्य उज्ज्वल होता है।
सीएम ने 'एक्स' पर पोस्ट किया कि वर्ष 2017 से पहले बेटियों को संबल देने के बजाय पूर्ववर्ती सरकारें केवल अपने राजनीतिक कुनबे को पोषित करने में व्यस्त थीं। प्रदेश में माताओं का स्वास्थ्य और बेटियों की शिक्षा घोर उपेक्षा एवं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई थी। अस्पतालों की बदहाली, दवाओं का अभाव और संस्थागत प्रसव की लचर व्यवस्था के कारण मातृ-शिशु मृत्यु दर चिंताजनक स्थिति में थी।
मुख्यमंत्री ने लिखा कि विगत साढ़े 9 वर्षों में डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदला है। पहले सुविधाओं के अभाव में प्रदेश की लाखों बेटियां पढ़ाई छोड़ने को मजबूर थीं, लेकिन विगत 9.5 वर्षों में डबल इंजन सरकार ने बेटी के जन्म से लेकर उसकी शिक्षा और सुरक्षित मातृत्व तक समग्र सुरक्षा एवं कल्याण चक्र तैयार किया है।
बदले परिदृश्य पर कराया ध्यानाकर्षण
मुख्यमंत्री ने 2017 के बाद बदले परिदृश्य पर भी ध्यानाकर्षण कराया। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन कायाकल्प से प्राथमिक विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का सैचुरेशन 36 से बढ़कर 96 फीसदी से अधिक हो गया है। स्कूल ड्रॉपआउट रेट 20 से घटकर 3 प्रतिशत से भी कम रह गया है।
यह भी पढ़ें- 'समाजवादी पार्टी जीते तो चुनाव निष्पक्ष और हारे तो बेईमानी कैसे? ओपी राजभर का अखिलेश से सवाल
अटल आवासीय विद्यालयों के माध्यम से श्रमिक व वंचित वर्ग की बेटियों को आधुनिक, विश्वस्तरीय आवासीय शिक्षा मिल रही है। कस्तूरबा बालिका विद्यालयों में कक्षा 12 तक पढ़ाई की सुविधा के विस्तार से बेटियों को अपनी शिक्षा पूरी करने के अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों की शिक्षा में निवेश, उनके आत्मविश्वास और प्रदेश के भविष्य को सशक्त बनाने का निवेश है।
यह भी पढ़ें- मायावती ने आउटसोर्सिंग और संविदा नियुक्तियों के मुद्दे पर योगी सरकार को घेरा, बसपा प्रमुख ने कर दी ये बड़ी डिमांड
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।