Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोरखपुर में ग्रीन सिटी रोड के चौड़ीकरण कार्य पूरा, 28 जुलाई को सीएम योगी करेंगे लोकार्पण

    Updated: Sat, 25 Jul 2026 08:05 PM (IST)

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 28 जुलाई को गोरखपुर में ग्रीन सिटी कॉलोनी तक निर्मित दो किलोमीटर लंबे टू लेन मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार् ...और पढ़ें

    ग्रीन सिटी रोड के चौड़ीकरण कार्य पूरा।

    ग्रीन सिटी रोड के चौड़ीकरण कार्य पूरा।

    HighLights

    1. मुख्यमंत्री योगी 28 जुलाई को ग्रीन सिटी रोड का लोकार्पण करेंगे।

    2. 69.58 करोड़ की लागत से 2 किमी लंबा मार्ग चौड़ा हुआ।

    3. यह सड़क गोरखपुर के पश्चिमी और उत्तरी हिस्से को जोड़ेगी।

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। तीन दिन पहले शहर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर और उससे जुड़े देवरिया बाइपास फोरलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण करने के बाद अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 28 जुलाई को एक और महत्वपूर्ण सड़क परियोजना जनता को समर्पित करेंगे।

    मुख्यमंत्री सोनौली-नौतनवा-गोरखपुर मार्ग से ग्रीन सिटी कालोनी (पटनिया होते हुए माधोपुर बांध) तक निर्मित करीब दो किलोमीटर लंबे टू लेन मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण करेंगे। 69.58 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना से शहर के उत्तरी और पश्चिमी हिस्से की बड़ी आबादी को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।

    परियोजना का निर्माण कार्य 18 मार्च 2025 को शुरू हुआ था और 17 जून 2026 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। शनिवार को कमिश्नर अनिल ढींगरा और डीएम दीपक मीणा ने निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित विभागों को सभी कमियां तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

    निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कुछ स्थानों पर नालों के ऊपर डाले गए स्लैब को व्यवस्थित ढंग से लगाने और उन्हें आकर्षक बनाने के निर्देश दिए। सड़क के आर-पार गुजर रहे विद्युत तारों को तत्काल हटाकर व्यवस्थित करने तथा पूरी सड़क पर लगी स्ट्रीट लाइटों की टेस्टिंग कर उन्हें सुचारु रूप से चालू करने के निर्देश विद्युत विभाग को दिए गए।

    साथ ही गोरखपुर-सोनौली मुख्य मार्ग से ग्रीन सिटी की ओर जाने वाले चौराहे पर बने अवैध ई-रिक्शा और आटो स्टैंड को हटाने की जिम्मेदारी एसएसपी को सौंपी। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पूरे मार्ग की सफाई, पेंटिंग और सुंदरीकरण कर लोकार्पण से पहले परियोजना को पूरी तरह तैयार करने को कहा गया।

    खबरें और भी

    ग्रीन सिटी टू लेन मार्ग का चौड़ीकरण हो जाने का सबसे बड़ा लाभ इसके भविष्य के कनेक्टिविटी नेटवर्क से मिलेगा। वर्तमान में हर्बर्ट बांध को भी चौड़ा कर फोरलेन बनाया जा रहा है। यह कार्य पूरा होने के बाद सोनौली, कैंपियरगंज, पीपीगंज और जंगल कौड़िया क्षेत्र से आने वाले छोटे वाहन चालकों को लखनऊ या वाराणसी जाने के लिए शहर के भीतर प्रवेश नहीं करना पड़ेगा।

    उन्हें ग्रीन सिटी फोरलेन से माधोपुर होते हुए सीधे हर्बर्ट बांध फोरलेन पर पहुंचन और वहां से राजघाट पुल के रास्ते अपने गंतव्य की ओर निकलने का एक वैकल्पिक मार्ग मिल जाएगा। इससे शहर के भीतर वाहनों का दबाव कम होगा, यात्रा का समय बचेगा और दूरी भी घटेगी।

    विशेषज्ञों का मानना है कि यह सड़क भविष्य में गोरखपुर के पश्चिमी और उत्तरी हिस्से के लिए एक वैकल्पिक यातायात कारिडोर के रूप में विकसित होगी। इससे न केवल ट्रैफिक जाम कम होगा, बल्कि आसपास के आवासीय क्षेत्रों और नई कालोनियों के विकास को भी गति मिलेगी। लगातार नई सड़क परियोजनाओं के लोकार्पण से गोरखपुर का सड़क नेटवर्क तेजी से मजबूत हो रहा है।

    दीवानी कचहरी में कार्यक्रम स्थल की तैयारी का लिया जायजा

    ग्रीन सिटी फोरलेन के निरीक्षण के बाद कमिश्नर अनिल ढींगरा और डीएम दीपक मीणा ने दीवानी कचहरी पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का भी निरीक्षण किया।

    उन्होंने एडीएम (सिटी) गजेन्द्र सिंह और एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव को मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग, यातायात प्रबंधन तथा अन्य व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

    अधिकारियों ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर सभी तैयारियां तय समय सीमा में पूरी कर ली जाएं ताकि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले किसी प्रकार की कमी न रहे। मुख्यमंत्री 28 जुलाई को दोपहर बाद बार एसोसिएशन सिविल कोर्ट की नवगठित कार्यकारिणी के इस परिचय कार्यक्रम में शामिल होंगे।

    यह भी पढ़ें- चंदौली में अब महिलाएं चलाएंगी जनसेवा केंद्र, गांवों में बढ़ेंगे स्वरोजगार के अवसर