विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 07, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Dengue In Gorakhpur: गोरखपुर में डेंगू का कहर जारी, बुखार के दो रोगियों में मिला संक्रमण; संख्या हुई 29

By Jagran NewsEdited By: Pragati Chand
Published: Thu, 07 Sep 2023 08:52 AM (IST)

गोरखपुर जिले में डेंगू रोगियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। नगर निगम व स्वास्थ्य विभाग की ओर से ...और पढ़ें

लार्वा देखते नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. मुकेश रस्तोगी। सौ. : नगर निगम
लार्वा देखते नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. मुकेश रस्तोगी। सौ. : नगर निगम

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। डेंगू के मामले बढ़ते जा रहे हैं। बुधवार को बुखार के दो रोगियों में डेंगू की पुष्टि हुई। दोनों महिलाएं हैं। जिले में डेंगू संक्रमितों की संख्या 29 हो गई है। इनमें 12 शहर के और 17 ग्रामीण क्षेत्र के रहने वाले हैं। तीन रोगियों को जिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। सरदार नगर की 63 वर्षीय व छोटेकाजीपुर की 65 वर्षीय महिला जिला अस्पताल के मेडिसिन ओपीडी में उपचार कराने पहुंची थीं। संदेह होने पर डाक्टर ने उनका नमूना जांच के लिए भेज दिया था। रिपोर्ट पाजिटिव आई है।

1358 कंटेनर व टूटे-फूटे बर्तनों की हुई जांच

जिला मलेरिया नियंत्रण अधिकारी अंगद सिंह ने बताया कि टीम ने राप्तीनगर के 175 घरों की जांच की। इस कालोनी में अब तक छह लोगों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। 1358 कंटेनर व टूटे-फूटे बर्तनों की जांच की गई। 15 में पानी जमा मिला, इसमें से छह में मच्छरों के लार्वा मिले। उन भवन मालिकों को नोटिस जारी कर सफाई पर ध्यान देने को कहा गया है। टीम में सहायक मलेरिया अधिकारी चंद्र प्रकाश पांडेय, प्रवीण कुमार पांडेय, प्रतिभा निशि शामिल थे।

नाद में भी डेंगू के मच्छर का लार्वा

महानगर में डेंगू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। राप्तीनगर फेज एक में मिले चार रोगियों के घरों पर छिड़काव करने पहुंची नगर निगम की टीम को घरों के सामने रखे नाद में एडीज मच्छर के लार्वा मिले हैं। इलाके में ज्यादातर नागरिकों ने पशुओं को पानी पिलाने के लिए घरों के सामने नाद रखे हैं। नगर निगम की टीम ने नागरिकों से अपील की है कि वह हर तीन दिन पर नाद का पानी जरूर बदल दें। साथ ही किसी भी स्थिति में छोटे-बड़े डिब्बे, यहां तक कि चम्मच में पानी तीन दिन से ज्यादा न इकट्ठा होने दें।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. मुकेश रस्तोगी के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने राप्तीनगर क्षेत्र के सौ से ज्यादा घरों में लार्वा की जांच की। घरों की छतों पर फेंके गए डिब्बों, कूलर, घरों में रखे पानी से भर गमलों में लार्वा मिले हैं। टीम ने छिड़काव के साथ ही पानी गिरवा दिया।

छह नागरिकों को दिया गया नोटिस

नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि नरेंद्र सिंह, दीपू, चंदकिशोर, अंकित, रमेश प्रकाश, देव प्रताप सिंह के घरों में एडीज मच्छर के लार्वा मिले हैं। सभी को नोटिस दिया गया है। विन्ध्याचल, सीपी मिश्र, प्रवीन पांडेय, प्रतिभा, निशि, आशीष सिंह, मकबूल अली, राजू आदि मौजूद रहे।

जागरूक कर रहा निगम

डेंगू के मामले बढ़ने से रोकने के लिए नगर निगम जागरूकता अभियान चला रहा है। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि सभी को बताया जा रहा है कि घरों में कहीं भी पानी इकट्ठा न होने दें। एडीज मच्छर के लार्वा साफ पानी में पनपते हैं। कुछ ही दिन में हजारों लार्वा पैदा हो जाते हैं। इससे बचाव का एकमात्र तरीका पानी इकट्ठा न होने दिया जाए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।