यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 26, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Dev Diwali 2023: एक लाख दीयों से आज जगमग होगा गोरखपुर का राजघाट, अपने हिस्से का दीप जला आप भी बनें दीपोत्सव में भागीदार
Dev Diwali 2023 दिव्य दीपोत्सव के दौरान आज राप्ती नदी का किनारा रोशनी से नहा उठेगा। दैनिक जागरण के दीपोत्सव कार्यक्रम में भागीदारी कर गोरखपुरवासी अपने ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। तीन वर्ष पूर्व दैनिक जागरण द्वारा सांस्कृतिक पुनर्जागरण के प्रयास के साथ राजघाट पर शुरू हुए दीपोत्सव को लेकर शहरवासियों में उत्साह हिलोरें मार रहा है। जन आस्था का प्रतीक बन चुके इस आयोजन को भव्य बनाने को शहरवासियों की तैयारी इसका प्रमाण है। रविवार की शाम दिव्य दीपोत्सव के दौरान राप्ती का किनारा जब जन आस्था की आभा से जगमगाएगा, तब शहर में एक साथ एक लाख से ज्यादा दीपों के प्रकाश के साथ राजघाट पर नया इतिहास रच जाएगा।
एक लाख दीपों से अचिरावती का आंचल सजाने को तैयार शहरवासी नव कीर्तिमान रचने को तैयार हैं। विभिन्न संगठन स्वस्फूर्त ढंग से आयोजन को दिव्य और भव्य बनाने के लिए आगे आए हैं। इसके लिए राजघाट पर सुबह से ही दीपों को सजाने का काम शुरू हो गया है। दैनिक जागरण द्वारा एक लाख से अधिक दीपों के साथ तेल और बाती की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही राप्ती तीरे देव दीपावली मनाने के लिए आम और खास से राजघाट पहुंचने का आह्वान भी किया गया है। आप भी आइए और अपने हिस्से के दीप जलाइए।
लोगों का उत्साह बता रहा है कि इस बार का दीपोत्सव पिछले वर्षों की तुलना में और भी भव्य होगा। एक लाख से अधिक दीप एक साथ आलोकित होंगे तो यह शहर और शहरवासियों के लिए एक कीर्तिमान होगा। ऐसे में शहर के सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बन चुके इस आयोजन में अपना योगदान सुनिश्चित करने के लिए रविवार को आप भी राजघाट पर अवश्य आइए। दीपों से अचिरावती का आंचल सजाकर देव दीपावली मनाइए।
अद्भुत होगी राप्ती आरती, शामिल होंगे कई गण्यमान्य
एक लाख से अधिक दीपों की कांति के बीच राप्ती आरती का मनोहारी दृश्य आपको कभी न भूलेगा। रविवार को सृजित होने जा रहा यह अनुपम नजारा नैनों में भरने के साथ पुण्य का भागी बनने का अवसर दैनिक जागरण की देव दीपावली के बहाने सहज होने जा रहा है। कई गण्यमान्य इस आयोजन का साक्षी बनने जा रहे हैं।
खबरें और भी
इसी क्रम में राज्य मंत्री ग्राम्य विकास विभाग विजयलक्ष्मी गौतम गोरखपुर आएंगी। वह शाम चार बजे से सर्किट हाउस सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर शाम पांच बजे से राप्ती नदी के तट स्थित राजघाट पर आयोजित दीपोत्सव में भाग लेंगी। सांसद रविकिशन शुक्ल, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि भी इस एतिहासिक आयोजन में हिस्सा लेंगे।