धनतेरस पर चमकेगा गोरखपुर का बाजार: 1200 करोड़ के कारोबार की उम्मीद, सोने-चांदी के सिक्कों की धूम
गोरखपुर का बाजार धनतेरस के लिए पूरी तरह तैयार है, जहां 1200 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार की उम्मीद ...और पढ़ें

रंगोली सामग्री की खरीदारी करते ग्राहक। जागरण
HighLights
गोरखपुर में धनतेरस पर 1200 करोड़ से अधिक कारोबार की उम्मीद।
कम वजन के सोने-चांदी के सिक्के और कुबेर पोटली आकर्षण का केंद्र।
आभूषण, ऑटोमोबाइल की अग्रिम बुकिंग, ग्राहकों को आकर्षक छूट।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। धनतेरस से ठीक एक दिन पहले गुरुवार को बाजार पूरी तरह गुलजार दिखा। आभूषण, बर्तन, इलेक्ट्रानिक की दुकानें हो या आटो बाजार हर तरफ धनतेरस को लेकर उत्साह नजर आ रहा है। अधिकांश लोगों ने बुधवार व गुरुवार को सामान पसंद कर एडवांस दे दिया, ताकि धनतेरस पर शुक्रवार को लोग समय से डिलीवरी ले सकें। ग्राहकों की भीड़ देख दुकानदार भी उत्साहित हैं। इस बार शनिवार को धनतेरस पर लगभग 1200 करोड़ से अधिक के कारोबार की उम्मीद है।
दुकानों पर ग्राहकों को लुभाने के लिए एक से बढ़कर एक आफर दिए जा रहे हैं। ई-कामर्स प्लेटफार्म को चुनौती देने के लिए बड़े शो-रूम भी अच्छी छूट के साथ क्रेडिट कार्ड पर ईएमआइ की सुविधा दे रहे हैं। शहर के गोलघर, अलीनगर, मेडिकल कालेज रोड, असुरन, मोहद्दीपुर, मियां बाजार, गोरखनाथ और उर्दू बाजार में सोमवार को काफी चहल-पहल रही। बंधनवार, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों के साथ सजावट के सामानों की खूब बिक्री हो रही है। धनतेरस का दिन खरीदारी के लिए शुभ माना जाता है। ऐसे में दुकानदार जहां अच्छे कारोबार की उम्मीद जता रहे हैं।
आकर्षण का केंद्र बने कम वजन व मूल्य के सोने के सिक्के
आभूषण की दुकानों पर इस बार कम वजन व मूल्य वाले धनतेरस को खास बनाएंगे। परंपरा जेम्स एंड ज्वेल्स के निदेशक संजय अग्रवाल ने बताया कि बाजार में 100 मिलीग्राम से लेकर 100 ग्राम तक के सोने के सिक्के उपलब्ध हैं, जिसकी खरीदारी आप अपने बजट के अनुसार कर सकते हैं। पिछले कुछ वर्षों से लोगों ने चांदी के साथ ही सोना खरीदना भी शुरू कर दिया है। इसी तरह चांदी के सिक्के पांच से 500 ग्राम तक में बिक्री के लिए उपलब्ध है।
-1793930791483.webp)
सराफा कारोबारियों के मुताबिक धनतेरस को लेकर करीब 20 करोड़ से अधिक कीमत के सिक्कों की बुकिंग हो चुकी है। ऐश्प्रा जेम्स एंड ज्वेल्स के निदेशक अनूप सराफ ने बताया कि आने वाले शादी-विवाह के मद्देनजर शगुन के तौर पर लोगों ने आभूषणों की प्री-बुकिंग करा रखी है, जिसकी धनतेरस के दिन बुकिंग वाले मूल्य पर डिलीवरी ले सकें। इसके अलावा हीरे के आभूषणों की तरफ भी लोगों का रुझान बढ़ रहा है।
धनतेरस के बहाने लोग सोने की खरीदारी करते हैं, क्योंकि इसमें निवेश सुरक्षित माना जाता है। सर्राफा मंडल के अध्यक्ष गणेश वर्मा ने कहा कि ग्राहक आभूषण की खरीदारी करते समय शुद्धता, सतर्कता और सही कीमत का विशेष ध्यान रखें, ताकि उनका अनुभव सुरक्षित और संतोषजनक हो। अपने विश्वसनीय प्रतिष्ठान पर भरोसा करते हुए खरीदारी करें, क्योंकि उसके लिए आप सिर्फ एक ग्राहक नहीं, बल्कि एक निकट संबंधी भी हैं।
400 हजार बाइक व 1000 से अधिक कार की बिक्री का अनुमान
आटोमोबाइल कारोबारी नितिन मातनहेलिया का कहना है कि धनतेरस में 4000 से अधिक बाइक, स्कूटर और इलेक्ट्रिक स्कूटर की बिक्री का अनुमान है। वहीं, 1000 से अधिक चार पहिया वाहनों की बिक्री होगी। अधिकांश ग्राहकों ने पहले से इन वाहनों की प्री-बुकिंग करा रखी है, जिसकी वह धनतेरस पर डिलीवरी लेंगे। धनतेरस को लेकर ई-कामर्स प्लेटफार्म के साथ ही आटोमोबाइल कंपनियों की तरफ से कई आफर लांच किए गए हैं। कारोबारी अभिषेक ने बताया कि इस बार छोटी दीपावली व दीपावली के दिन भी लोग गाड़ियों की डिलीवरी लेंगे।

खरीदारों को आकर्षित कर रही कुबेर पोटली
धनतेरस पर अन्य सामानों के साथ ही कुबेर पोटली की खरीदारी को लेकर भी लोगों में आकर्षण देखा जा रहा है। शास्त्रों में लक्ष्मी पूजन में इसे विशेष महत्व दिया गया है। पुरातन समय से हमारे पूर्वजों द्वारा धनतेरस पर दीपावली पूजन में उपयोग होने वाली सामग्री एवं भगवान की प्रतिमा खरीदी जाती है। इनमें कुबेर पोटली प्रमुख है। जानकारी के अभाव में पहले लाेग इसकी कम खरीदारी करते थे लेकिन जब से लोगाें को विभिन्न माध्यमाें से इसकी महत्ता के बारे में जानकारी हुई है तब से इसकी खरीदारी तेज हो गई है।
यह भी पढ़ें- ब्याज माफी योजना 2026: उत्तर प्रदेश में 10 लाख तक के बकाये पर पूरा ब्याज होगा माफ
विक्रेता निकुंज टेकड़ीवाल ने बताया कि इस बार भी कुबेर पोटली की सर्वाधिक मांग है। इसकी कीमत 250 से 300 रुपये हैं। लोगों को इसे उपलब्ध कराने के लिए मैंने विशेष इंतजाम किए हैं, ताकि किसी को निराश वापस नहीं लौटना पड़े। कुबेर पोटली लाल रंग का छोटा झोला होता है। जिसमें खासतौर से कौड़ी, गोमती चक्र, कमल बीज, काली व पीली हल्दी, गुंजा, धनिया खड़ा एवं पूजन सुपारी आदि रखी जाती है। इसकी पूजा दीपावली के दिन रखकर विधिवत की जाती है। उन्हाेंने बताया कि इस बार कमल बीज की माला की भी काफी मांग है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।