विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में दीवाली पर पूरा होगा अपने घर का सपना, खोराबार टाउनशिप के 1600 आवंटियों को मिलेगी चाबी

Published: Wed, 23 Sep 2026 07:29 AM (IST)

गोरखपुर विकास प्राधिकरण की खोराबार टाउनशिप परियोजना के तहत 1600 से अधिक आवंटियों को दीवाली तक फ्लैटों का कब्जा मिल ...और पढ़ें

मिनी एमआइजी, एलआइजी और ईडब्लूएस के 1608 आवंटियों को कब्जा दिलाने की तैयारी तेज। सांकेतिक तस्वीर

मिनी एमआइजी, एलआइजी और ईडब्लूएस के 1608 आवंटियों को कब्जा दिलाने की तैयारी तेज। सांकेतिक तस्वीर

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की महत्वकांक्षी खोराबार आवासीय टाउनशिप परियोजना के तहत 1600 से अधिक फ्लैट के आवंटियों को दीवाली तक कब्जा मिल जाएगा। इसके बाद बचे हुए करीब 400 फ्लैट और प्लाट के आवंटियों को दूसरे चरण में दिसंबर तक कब्जा देने की तैयारी है। जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल का कहना है कि 10 जनवरी के पहले सभी आवंटियों को कब्जा दिला दिया जाएगा।

आवंटन शुरू करते समय जीडीए ने दिसंबर 2026 तक परियोजना के पूरा कर लेने का लक्ष्य तय किया था। प्राधिकरण का दावा है कि इसके पूर्व दीवाली में ही विभिन्न वर्गों के फ्लैट के एक तिहाई से अधिक आवंटियों को कब्जा देने की तैयारी की जा रही है। आखिरी चरण के फिनिशिंग संबंधी कुछ कार्य बचे हैं, जिन्हें कार्य करा रही फर्म को मजदूरों की संख्या बढ़ाकर हर हाल में अक्टूबर में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। परियोजना के तहत करीब 2000 फ्लैट और 312 आवासीय प्लाट हैं। इसके अलावा खोराबार टाउनशिप से ही जुड़ी मेडिसिटी परियोजना के क्लिनिक लेन में 46 बड़े भूखंड हैं जहां अस्पताल, नर्सिंग होम, डायग्नोस्टिक सेंटर आदि स्वास्थ्य सेवाओं के साथ ही संबंधित भूखंड पर आवासीय निर्माण भी कराया जा सकता है।

प्राधिकरण के अनुसार विभिन्न आय वर्गों के लिए प्रस्तावित भवनों में संरचनात्मक कार्य अधिकांश ब्लाकों में लगभग पूरा हो चुका है, जबकि फिनिशिंग और बाह्य विकास कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने की तैयारी है। गत मंगलवार को प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने इस परियोजना की प्रगति की जानकारी लेने के साथ ही जल्द निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आवंटियों को समय से आवास उपलब्ध कराए जा सकें।

खोराबार आवासीय टाउनशिप में मिनी एमआइजी श्रेणी के दो ब्लाक प्रस्तावित हैं जिनमें कुल 420 आवास हैं। इनमें दोनों ब्लाक का संरचना का कार्य पूर्ण हो चुका है और आंतरिक फिनिशिंग भी लगभग पूरी हो चुकी है। इसी तरह एमआइजी में दस में से पांच ब्लाक और एक ब्लाक के आधे का काम लगभग पूरा हो चुका है। अगले माह तक फिनिशिंग का बचा हुआ कार्य भी पूरा हो जाएगा। इनमें कुल 308 फ्लैट हैं, जिन्हें पहले चरण में कब्जा देने की तैयारी है।

इसी तरह एलआइजी श्रेणी में दो ब्लाक प्रस्तावित हैं जिनमें कुल 480 फ्लैट हैं। दोनों ब्लाक की संरचना पूरी हो चुकी है। आंतरिक फिनिशिंग लगभग 90 प्रतिशत पूरी हो चुकी है। इसी तरह ईडब्लूएस के कुल सात में से छह ब्लाक भी अगले माह तक पूरी तरह से बनकर तैयार हो जाएंगे। इस श्रेणी में कुल 560 फ्लैट हैं जिनमें से करीब 400 में कब्जा देने की तैयारी है।

जीडीए उपाध्यक्ष का कहना है कि भव्य समाराेह का आयोजन कर आवंटियों को सीएम के हाथों चाबी दिलाने की योजना है। इसके लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में'सिस्टम' खा गया पेंशन, 12 महीने बाद एक हुए राम-लखन

कब्जा पाने को बकाया जमा करने के अपील
जीडीए की ओर से संबंधित आवंटियों से संपर्क स्थापित कर कब्जा मिलने की प्रक्रिया शुरू होने के पहले ही फ्लैट, भूखंड की बकाया धनराशि जमा करने की अपील की जा रही है। बताया जा रहा है कि जो आवंटी पूरी धनराशि जमा कर देंगे, वे ही कब्जा पा सकेंगे।

यह भी पढ़ें- निर्माण कार्य नहीं हुआ पूरा, लेकिन टूटने लगी गोरखपुर-सोनौली फोरलेन की सर्विस लेन

प्राधिकरण का पूरा प्रयास है कि खोराबार टाउनशिप के ज्यादा से ज्यादा आवंटियों को दीवाली के शुभ अवसर पर चाबी सौंपकर उन्हें कब्जा दिला दिया जाए। एमआइजी और ईडब्लूएस के करीब 350 से 400 फ्लैट का निर्माण बाकी रह जाएगा। इसे भी 10 जनवरी के पहले पूरा कर आवंटियों को कब्जा दिला दिया जाएगा।

-

- अभिनव गोपाल, उपाध्यक्ष, जीडीए