Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोरखपुर में भटहट-बांसस्थान फोरलेन तैयार, आयुष विश्वविद्यालय तक आवागमन हुआ आसान

    Updated: Fri, 03 Jul 2026 12:52 PM (GMT+05:30)

    गोरखपुर में भटहट-बांसस्थान फोरलेन सड़क बनकर तैयार है, जिसका लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। यह सड़क महायोगी गुरु गोरखनाथ राज्य आयुष विश्वव ...और पढ़ें

    सीएम के हाथों लोकार्पण की तैयारी, 689.35 करोड़ रुपये लागत से बना है 12 किमी लंबा फोरलेन मार्ग। जागरण

    सीएम के हाथों लोकार्पण की तैयारी, 689.35 करोड़ रुपये लागत से बना है 12 किमी लंबा फोरलेन मार्ग। जागरण

    HighLights

    1. भटहट-बांसस्थान फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य पूरा।

    2. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे सड़क का लोकार्पण।

    3. आयुष विश्वविद्यालय तक पहुंच अब होगी सुगम।

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। भटहट-बांसस्थान फोरलेन सड़क बनकर तैयार हो गई है। अब सिर्फ पेंटिंग संबंधी कुछ कार्य बचे हैं, जो इसी सप्ताह पूरा हो जाने की उम्मीद है। इसके साथ ही जिला प्रशासन अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मार्ग के लोकार्पण की तैयारी शुरू कर दी है।

    बताया जा रहा है कि प्रदेश के पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ राज्य आयुष विश्वविद्यालय तक बेहतर और सुगम संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निर्मित यह फोरलेन सड़क जल्द ही जनता को समर्पित कर दी जाएगी। इसी क्रम में गुरुवार को डीएम दीपक मीणा ने परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर लोकार्पण की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    भटहट से बांसस्थान तक लगभग 11.60 किमी लंबे इस फोरलेन मार्ग के निर्माण पर 689.35 करोड़ रुपये की लागत आई है। लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड-3 के अनुसार परियोजना का निर्माण कार्य 24 मार्च 2023 को शुरू हुआ था। वर्तमान में सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और अंतिम चरण में पेंटिंग का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्य शीघ्र पूरा कर सड़क को लोकार्पण के लिए पूरी तरह तैयार कर दिया जाएगा।

    यह फोरलेन मार्ग आयुष विश्वविद्यालय तक पहुंचने का प्रमुख संपर्क मार्ग है। विश्वविद्यालय में इलाज और अध्ययन के लिए आने वाले मरीजों, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों को अब बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। सड़क के दोनों ओर आधुनिक जल निकासी (ड्रेनेज) व्यवस्था भी विकसित की गई है, जिससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या नहीं होगी और सड़क की गुणवत्ता लंबे समय तक बनी रहेगी।

    खबरें और भी

    निरीक्षण के दौरान डीएम दीपक मीणा ने कहा कि यह परियोजना केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि आयुष चिकित्सा सेवाओं तक लोगों की पहुंच को आसान बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि फोरलेन बनने से स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों और पड़ोसी राज्यों से आने वाले मरीज भी आयुर्वेद एवं अन्य आयुष चिकित्सा पद्धतियों का लाभ लेने के लिए आसानी से आयुष विश्वविद्यालय पहुंच सकेंगे।

    यह भी पढ़ें- गोरखपुर शमन मानचित्र के लिए GDA में बनेगी हेल्प डेस्क, दौड़ से मिलेगी राहत

    डीएम ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को लोकार्पण से पूर्व सभी शेष कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने, सड़क सुरक्षा संबंधी संकेतक, पेंटिंग और अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। डीएम का कहना है कि इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन तेज, सुरक्षित और सुगम होने के साथ विकास गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।