गोरखपुर में रंगदारी न देने पर व्यापारी के बेटे की चाकू घोपकर हत्या, आठ टीमें जांच में जुटीं
गोरखपुर के बांसगांव थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय बीएससी छात्र शुभम मिश्रा की घर के बाहर सोते समय चाकू मारकर ...और पढ़ें
HighLights
गोरखपुर में 19 वर्षीय बीएससी छात्र शुभम मिश्रा की हत्या।
घर के बरामदे में सोते समय चाकू से हमला किया गया।
पुलिस अज्ञात हमलावरों की तलाश में जुटी, गांव में दहशत।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रंगदारी न देने पर गुरुवार की तड़के बांसगांव के जयंतीपुर गांव में बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र 19 वर्षीय शुभम मिश्रा की चाकू घोपकर हत्या कर दी गई। घटना के पीछे रंगदारी का विवाद सामने आने के बाद पुलिस की आठ टीमें मामले की जांच और आरोपितों की तलाश में जुटी है। वर्ष 2021 में शुभम के पिता से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।
इस मामले में गैंग्सटर शनि सिंह पर आरोप लगे थे। परिवार को पुलिस सुरक्षा भी मिली थी, जिसे हटा लिया गया था। आरोप है कि रंगदारी न देने की खुन्नस में गैंग्सटर के गुर्गों ने हत्या की है। एसएसपी डा. कौस्तुभ ने गांव में पहुंचकर धटना की जानकारी ली।
शुभम के पिता स्वदेश मिश्रा की कौड़ीराम में मिठाई की दुकान है। उनकी किडनी खराब होने के कारण लखनऊ के पीजीआई में ट्रांसप्लांट हुआ है। इलाज के सिलसिले में मां सुधा मिश्रा और बड़े भाई शिवम उनके साथ लखनऊ में हैं। परिवार के अनुसार घर पर शुभम अकेला था। दो भाइयों और एक बहन में वह सबसे छोटा था।

शुभम बुधवार रात खाना खाने के बाद घर से करीब 100 मीटर दूर बने गौशाला के बरामदे में सोने चला गया था। गुरुवार तड़के करीब पांच बजे अज्ञात हमलावरों ने सोते समय उसके सिर पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल शुभम को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही रिश्तेदार और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
लखनऊ में मौजूद परिवार के सदस्य भी गोरखपुर के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। परिवार के अनुसार वर्ष 2021 में स्वदेश मिश्रा से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस मामले में गैंग्सटर शनि सिंह पर आरोप लगाए गए थे। इस मामले में मुकदमा दर्ज पुलिस ने परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई थी।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में लॉरेंस गिरोह असलहा तस्करी: 31 आरोपी नामजद, 26 की तलाश में STF की छह राज्यों में दबिश
शुभम की हत्या के बाद पुलिस इस पुराने विवाद को भी जांच के प्रमुख बिंदुओं में शामिल कर रही है। एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि घटना के पर्दाफाश के लिए आठ पुलिस टीमें गठित की गई हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, मोबाइल लोकेशन और मृतक के संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। हत्या की वास्तविक वजह और हमलावरों की पहचान जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
