जिसके साथ रातभर ढूंढा बेटा, वही निकला कातिल, गोरखपुर में CCTV ने खोला 'भरोसेमंद' किराएदार का खौफनाक राज
गोरखपुर में एक किराएदार ने फिरौती के लिए मकान मालिक के छह वर्षीय बेटे का अपहरण कर लिया, जिसकी सिर दीवार से टकराने से मौत हो गई। आरोपी रातभर परिजनों के ...और पढ़ें

बाएं से मृतक मासूम व साथ ले जाता आरोपी। जागरण
जागरण संवाददाता, सहजनवा (गोरखपुर)। किराएदार ने फिरौती वसूलने के लिए मकान मालिक के छह वर्षीय बेटे का अपहरण कर लिया। हाथ-पैर बांधकर बंद मकान में छिपाने की कोशिश में बच्चे का सिर दीवार से टकराने के बाद मौत हो गई जिसके बाद आरोपित शव छोड़कर घर चला आया।
देर रात पीड़ित परिवार और पुलिस के साथ मासूम की तलाश का नाटक करता रहा, लेकिन सीसी कैमरा फुटेज ने उसकी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। सहजनवा थाना पुलिस ने संतकबीनगर जिले के रहने वाले आरोपित कल्पेश राय को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह टूट गया और उसकी निशानदेही पर लुचुई रेलवे ओवरब्रिज के पास बंद पड़े मकान के पीछे से बच्चे का शव बरामद कर लिया।
पिपरा नई कालोनी निवासी विनय सिंह उर्फ कन्हैया कस्बे में स्थित धागा फैक्ट्री में कार्य करने के साथ ही घर पर किराना की दुकान भी चलाते हैं। उनका छह वर्षीय पुत्र अंशुमान गुरुवार शाम करीब पांच बजे घर के बाहर फुल्की खाने निकला था। कुछ देर बाद वह दोबारा बाहर निकला फिर वापस नहीं लौटा।
देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार ने खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर शाम करीब 7:30 बजे सहजनवा थाने में दादा (सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य) जयप्रकाश सिंह ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। पूरी रात पुलिस और परिजन बच्चे की तलाश में जुटे रहे।
खबरें और भी

इस दौरान आरोपित कल्पेश राय भी उनके साथ खोजबीन करता रहा, ताकि किसी को उस पर शक न हो। शुक्रवार दोपहर घर से करीब 200 मीटर दूर एक मैरिज हाल के बाहर लगे सीसी कैमरे की फुटेज में अंशुमान आरोपित के साथ जाते हुए दिखा। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पहले वह लगातार गुमराह करता रहा, लेकिन तकनीकी साक्ष्य सामने रखने पर टूट गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित ने फिरौती वसूलने की योजना बनाकर बच्चे का अपहरण किया था। उसने अंशुमान के हाथ-पैर बांधकर उसे एक बंद पड़े मकान में छिपा दिया।
इसी दौरान बच्चे का सिर दीवार से टकरा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घबराकर वह शव वहीं छोड़कर घर लौट आया। पुलिस के अनुसार आरोपित कल्पेश राय संतकबीरनगर जिले के धर्मसिंहवा स्थित डबरा गांव का रहने वाला है। वह गीडा क्षेत्र की एक धागा फैक्ट्री में मजदूरी करता था। हाल ही में उसकी नौकरी छूट गई थी। वह बीमार भी चल रहा था और आर्थिक तंगी से जूझ रहा था।
यह भी पढ़ें- अजमेर में मिला दो साल से लापता गोरखपुर का किशोर, मां से फोन पर बात करने के बाद पुलिस ने खोजा
उसने अपनी बेरोजगारी की जानकारी पत्नी तक को नहीं दी थी। करीब डेढ़ माह पहले प्रेम विवाह के बाद वह पत्नी के साथ विनय सिंह के मकान में किराये पर रहने आया था। विनय सिंह से उसकी पहचान धागा फैक्ट्री में काम करने के दौरान हुई थी।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी डा. कौस्तुभ मौके पर पहुंचे। किराएदार ने मकान मालिक के छह वर्षीय बेटे का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद वह पूरी रात परिजनों और पुलिस के साथ मासूम की तलाश का नाटक करता रहा, लेकिन सीसी कैमरा फुटेज ने उसकी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
सहजनवा थाना पुलिस ने संतकबीनगर जिले के रहने वाले आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह टूट गया और उसकी निशानदेही पर लुचुई रेलवे ओवरब्रिज के पास बंद पड़े मकान के पीछे से बच्चे का शव बरामद कर लिया।
पूछताछ में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपित ने फिरौती वसूलने की नीयत से बच्चे का अपहरण किया था। हाथ-पैर बांधकर उसे बंद पड़े मकान में छिपाया गया, जहां सिर दीवार से टकराने से उसकी मौत हो गई। पूरे घटनाक्रम की वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी।
- ज्ञानेंद्र कुमार, एसपी उत्तरी