गोरखपुर-देवरिया रेल रूट पर पेड़ गिरने से ट्रेनों का संचालन बाधित, यात्री परेशान
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में चौरी चौरा और गौरी बाजार के बीच रेल लाइन पर चार पेड़ गिरने से गोरखपुर-देवरिया रूट पर ट्रेनों का संचालन ठप हो गया। ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
चौरी चौरा-गौरी बाजार के बीच रेल लाइन पर गिरे चार पेड़।
गोरखपुर-देवरिया रेलमार्ग पर ट्रेनों का संचालन हुआ ठप।
आंधी-बारिश से ओएचई क्षतिग्रस्त, कई ट्रेनें हुईं विलंबित।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल स्थित चौरी चौरा और गौरी बाजार रेलवे स्टेशन के बीच रेल लाइन पर चार पेड़ गिर गए। पेड़ गिरने के चलते शुक्रवार को गोरखपुर कैंट और देवरिया रेलमार्ग पर ट्रेनों का संचालन ठप हो गया। जो ट्रेनें जहां हैं वहीं रुक गईं। दादर और कृषक आदि कई ट्रेनें विलंबित हैं। 11:30 बजे तक गोरखपुर-एलटीटी 15018 दादर एक्सप्रेस और 15056 गोरखपुर-एलटीटी गोदान एक्सप्रेस कैंट स्टेशन पर खड़ी है। यात्री परेशान हैं।
सुबह साढ़े पांच बजे के आसपास आई तेज आंधी और बारिश में रेल लाइन के ऊपर बिजली के तार (ओएचई) पर लगातार पेड़ गिरने लगे। पेड़ गिरते ही बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए। बिजली के पाेलों को भी क्षति पहुंची। इसके चलते अचानक गोरखपुर कैंट से देवरिया के बीच बिजली कट गई। बिजली कटते ही ट्रेनें जहां थीं वहीं रुक गईं।
पेड़ गिरने की जानकारी होते ही संबंधित इंजीनियर, रेलकर्मी और सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंच गए। कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ को काटकर रेल लाइन से हटाया गया। रेल लाइन से पेड़ हटाने के बाद ओएचई को दुरुस्त किया गया। रेल लाइन पर अभी भी राहत बचाव कार्य चल रहा है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में लोगों को आकर्षित कर रहा 'धनुषाकार' गर्डर वाला नकहा ओवरब्रिज, जाम से मिली मुक्ति
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार चौरी चौरा से गौरी बाजार के बीच ओएचई पर चार पेड़ गिर गए हैं। पेड़ों हो हटाकर बिजली के तार लगभग दुरुस्त कर लिए गए हैं। एक रेल लाइन खुल गया है। डाउन रेल लाइन भी खोल दिया जाएगा। अप लाइन पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो चुका है। जल्द ही ट्रेनों का संचालन सामान्य हो जाएगा।