विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में विसर्जन के दौरान करंट से तीन मौतों में पांच बिजलीकर्मियों पर मुकदमा दर्ज, दो हिरासत में

Published: Fri, 23 Oct 2026 09:34 AM (GMT+05:30)

गोरखपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान करंट लगने से तीन लोगों की मौत के मामले में गुलरिहा पुलिस ने ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. विसर्जन के दौरान करंट लगने से तीन की मौत

  2. पांच बिजली कर्मचारियों पर दर्ज हुआ मुकदमा

  3. दो आरोपी बिजलीकर्मी पुलिस हिरासत में लिए गए

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। जंगल अयोध्या प्रसाद में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान करंट की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत के मामले में गुलरिहा पुलिस ने गुरुवार को पांच बिजली कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज किया। मृतक चंदन के भाई दिनेश चौहान की तहरीर पर एसएसओ सुनील मौर्या, अवर अभियंता (जेई) निकेतन गुप्ता और संविदा लाइनमैन अजय मौर्या, बृजेश कुमार व गंगा निषाद को नामजद किया गया है।

पुलिस ने सुनील मौर्या और रामकेश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। तहरीर में पुराने विवाद का भी जिक्र करते हु जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

दिनेश चौहान के मुताबिक, बुधवार शाम 4:30 बजे गांव के लोग दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे थे। जुलूस में उनके छोटे भाई चंदन, भतीजे लक्की और विक्की भी शामिल थे। आरोप है कि विसर्जन के दौरान बिजली आपूर्ति बंद रखने के लिए विभाग को पहले ही सूचना दी गई थी। इसके बावजूद जैसे ही प्रतिमा रजही चौराहे पर रामानंद के दरवाजे के सामने पहुंची, ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में आपूर्ति चालू कर दी गई।

इससे चंदन, लक्की और विक्की समेत कई लोग करंट की चपेट में आकर झुलस गए। घायलों में विरेंद्र विश्वकर्मा, शिवानी चौहान, प्रियांशु, नंदनी, मोनू, शांतनू, अनिल भारती, सत्यवान चौहान, पुष्पा, अनिल, अंशिका और अंशू के अलावा ड्यूटी पर तैनात सिपाही धनंजय पांडेय भी शामिल है।

वहीं, हादसे में उनके भाई चंदन, लक्की और विक्की की मौत हो गई। दिनेश ने बिजलीकर्मियों पर जानबूझकर आपूर्ति चालू कर तीनों की जान लेने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में प्रतिमा विसर्जन के दौरान राप्ती व गोर्रा नदी में किशोर समेत दो डूबे, छाया मातम


एक वर्ष पहले बिजली आपूर्ति को लेकर हुआ था विवाद
दिनेश ने तहरीर में सितंबर 2025 में हुए विवाद का भी जिक्र किया है। आरोप है कि जंगल अयोध्या के भक्तियहवा टोले में बारिश के दौरान चौहान टोले की बिजली आपूर्ति 50 घंटे तक बाधित रही थी। शिकायतों के बावजूद आपूर्ति बहाल नहीं होने पर ग्रामीणों और लाइनमैन अजय मौर्या व बृजेश कुमार के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी।

इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से गुलरिहा थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। दिनेश का आरोप है कि इसके बाद दोनों लाइनमैन ने जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस मौजूदा हादसे और पुराने विवाद के बीच संबंध होने के आरोप की भी जांच करेगी।

यह भी पढ़ें- देवोत्थान एकादशी से शुरू होंगे मांगलिक कार्य, नवंबर-दिसंबर में विवाह के लिए 16 शुभ मुहूर्त