गोरखपुर में मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद मरीजों की आंखों में गंभीर संक्रमण, मवाद निकलने से हड़कंप
गोरखपुर के सिकरीगंज स्थित न्यू राजेश हाईटेक अस्पताल में मोतियाबिंद के ऑपरेशन के बाद कई मरीजों की आंखों में गंभीर संक्रमण हो गया है, जिससे मवाद निकल रह ...और पढ़ें

ऑपरेशन के बाद रोगियों की आंख में हुआ गंभीर संक्रमण। जागरण
HighLights
सिकरीगंज अस्पताल में मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद संक्रमण।
कई मरीजों की आंखों से मवाद, हायर सेंटर रेफर।
सीएमओ ने जांच का आश्वासन दिया, शिकायत पर कार्रवाई।
संवाद सूत्र, सिकरीगंज। मोतियाबिंद का आपरेशन कराए अनेक मरीजों की आंख में गंभीर संक्रमण हो गया है। उनकी आंख से मवाद निकल रहा है। पांच रोगियों को दिल्ली, पांच को लखनऊ व एक को वाराणसी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका उपचार चल रहा है।
इन सभी का ऑपरेशन सिकरीगंज स्थित न्यू राजेश हाईटेक अस्पताल में किया गया था। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि दो-तीन मरीजों की आंख में संक्रमण हुआ है। हायर सेंटर में उपचार चल रहा है। उनकी हालत ठीक है।
न्यू राजेश हाईटेक हास्पिटल में रविवार को करीब 15 मरीजों की आंख का आपरेशन किया गया। इसमें गोरखपुर व आसपास के जिलों के मरीज शामिल हैं। इनमें गोरखपुर के बेलघाट क्षेत्र के मरीजों की संख्या अधिक है। ग्राम भरसी के रणजीत गौड़ आपरेशन के बाद सोमवार को घर पहुंचे। उनके स्वजन प्रदीप ने बताया कि उनकी आंख से मवाद निकलने लगा उल्टी-दस्त होने लगा।
अस्पताल संचालक को फोन किया गया तो उन्होंने एंबुलेंस से रोगी को पुन: हास्पिटल बुलाया और उपचार किया। स्थिति गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया, वहां उनका उपचार चल रहा है। बनकटा निवासी दीनानाथ लोहार के पुत्र कृष्ण मुरारी ने बताया कि आपरेशन के बाद पिता की हालत बिगड़ने पर एम्स दिल्ली में भर्ती कराया गया है। उनका उपचार चल रहा है।
बारीगांव निवासी देवराजी व शुभराजी की भी तबीयत बिगड़ गई और आंख से मवाद निकलने लगा। कुछ मरीज लखनऊ में भी इलाज करा रहे है। न्यू राजेश हाईटेक हॉस्पिटल के संचालक राजेश राय का कहना है कि लापरवाही का आरोप निराधार है, रविवार को आई सर्जन डाॅ. पराग अग्रवाल ने ऑपरेशन किया था। दो-तीन मरीजों की आंख में इन्फेक्शन हुआ है। उनका लखनऊ में हायर सेंटर में उपचार चल रहा है। अब वे ठीक हैं।
खबरें और भी
मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। यदि लिखित शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कराई जाएगी। इसमें यदि किसी की लापरवाही या दोष मिला तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-डाॅ. राजेश झा, सीएमओ।