गोरखपुर गीडा में औद्योगिक रफ्तार तेज, 22 नई फैक्ट्रियां लाएंगी रोजगार और विकास
गोरखपुर के गीडा में 22 कंपनियों ने उद्योग स्थापित करने के लिए आवेदन किया है, जिससे औद्योगिक विकास में तेजी आएगी। इन उद्योगों के शुरू होने से 500 से अध ...और पढ़ें

कंपनियों की ओर से दिया गया प्रस्ताव, जांच के बाद आवंटित होंगे प्लाट। जागरण
HighLights
गीडा में 22 नई कंपनियों ने उद्योग लगाने को आवेदन किया।
500 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना।
स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी, सहायक सेवाओं की मांग बढ़ेगी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पूर्वांचल में औद्योगिक विकास की तस्वीर तेजी से बदल रही है। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में निवेशकों का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अलग-अलग क्षेत्रों की 22 कंपनियों ने यहां उद्योग स्थापित करने के लिए आवेदन किया है।
सभी प्रस्तावों की जांच पूरी होने के बाद कंपनियों को चरणबद्ध तरीके से भूमि आवंटित की जाएगी। इन उद्योगों के शुरू होने से 500 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है, जबकि अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी बड़ी संख्या में सृजित होंगे।
गीडा प्रशासन के मुताबिक, इस बार आए प्रस्ताव विविध क्षेत्रों से जुड़े हैं। इनमें घरेलू उपयोग के कूलर बनाने वाली एक कंपनी के साथ धार्मिक उपयोग में आने वाले बर्तन और पूजन सामग्री का निर्माण करने वाली इकाई भी शामिल है। इसके अलावा इंजीनियरिंग, उपभोक्ता उत्पाद और अन्य विनिर्माण क्षेत्र की कई कंपनियों ने भी गीडा में अपनी उत्पादन इकाइयां स्थापित करने में रुचि दिखाई है।
अधिकारियों का कहना है कि नए निवेश से केवल उद्योगों की संख्या ही नहीं बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। उद्योगों के संचालन के लिए परिवहन, पैकेजिंग, गोदाम, मरम्मत, खानपान और अन्य सहायक सेवाओं की मांग बढ़ेगी, जिससे छोटे कारोबारियों और स्थानीय उद्यमियों को भी लाभ मिलेगा।
गीडा में उद्योगों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं विकसित करने का काम भी तेजी से चल रहा है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में पहले संस्थान फिर आम आदमी को मिलेगा नगर निगम का बांड, गोलघर मल्टीस्टोरी कांप्लेक्स में बनेंगे फ्लैट
निवेशकों को निर्बाध बिजली, बेहतर सड़क संपर्क, जलापूर्ति और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया आसान हो सके।
गोरखपुर में निवेश का माहौल लगातार बेहतर हुआ है, जिसके कारण नई कंपनियां यहां आने में रुचि दिखा रही हैं। सभी प्रस्तावों के दस्तावेजों और परियोजनाओं का परीक्षण किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद पात्र कंपनियों को भूमि आवंटित कर दी जाएगी। आने वाले समय में और अधिक निवेश प्रस्ताव मिलने की उम्मीद है, जिससे गीडा पूर्वांचल के प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।
-रामप्रकाश, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, गीडा