गोरखपुर में बनेगा पूर्वांचल का पहला मेगा स्किल हब, युवाओं को मिलेगा सीधा रोजगार
गीडा पूर्वांचल के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षित कर रोजगार से जोड़ने के लिए सरदार वल्लभभाई पटेल स्किल, एंप्लायमेंट एंड इंडस्ट्रियल ज ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
गीडा में 50 एकड़ में बनेगा पूर्वांचल का पहला मेगा स्किल हब।
पीपीपी मॉडल पर विकसित होगा, प्रशिक्षण और रोजगार की सुविधा।
युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षित कर मिलेगा रोजगार।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पूर्वांचल के युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित कर सीधे रोजगार से जोड़ने की दिशा में गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) ने एक महत्वाकांक्षी पहल शुरू की है।
इसके तहत गीडा क्षेत्र में पूर्वांचल का पहला मेगा स्किल हब सरदार वल्लभभाई पटेल स्किल, एंप्लायमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन स्थापित किया जाएगा। इसके लिए गीडा प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। गीडा प्रशासन ने इसके संबंध में शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। परियोजना के लिए सेक्टर-26 में करीब 50 एकड़ भूमि चिह्नित की गई है।
इस परियोजना का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक तकनीकी और व्यावसायिक कौशल से लैस कर उद्योगों की मांग के अनुरूप तैयार करना है। प्रस्तावित जोन को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) माडल पर विकसित किया जाएगा।
इसमें भूमि गीडा उपलब्ध कराएगा, जबकि चयनित निजी एजेंसी निर्माण, संचालन, प्रशिक्षण और रोजगार उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी निभाएगी।
परियोजना के तहत एकीकृत औद्योगिक एवं प्रशिक्षण परिसर विकसित किया जाएगा। यहां अत्याधुनिक स्किल डेवलपमेंट सेंटर, औद्योगिक शेड, छात्रावास और अन्य आवश्यक सुविधाएं स्थापित की जाएंगी।
विभिन्न क्षेत्रों के उद्योगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए युवाओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे रोजगार के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें।
इसके तहत यहां आटोमोबाइल, मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रानिक्स, फूड प्रोसेसिंग समेत अन्य औद्योगिक क्षेत्रों की मांग के अनुसार युवाओं को तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उद्योगों और युवाओं के बीच बनेगा सेतु
पूर्वांचल के बड़ी संख्या में युवा रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख करते हैं। गीडा के अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में प्रशिक्षित मानव संसाधन और उद्योगों की मांग के बीच बड़ा अंतर है।
प्रस्तावित स्किल एवं एंप्लायमेंट जोन इस अंतर को कम करने का काम करेगा। प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवाओं को सीधे उद्योगों से जोड़ने की व्यवस्था की जाएगी, जिससे उन्हें रोजगार की तलाश में भटकना नहीं पड़ेगा और उद्योगों को प्रशिक्षित कार्यबल आसानी से उपलब्ध हो सकेगा।
प्लग एंड प्ले माडल से निवेश को मिलेगा बढ़ावा
परियोजना में प्लग एंड प्ले माडल पर औद्योगिक शेड भी विकसित किए जाएंगे। इन शेडों में बिजली, सड़क, पानी और अन्य आधारभूत सुविधाएं पहले से उपलब्ध रहेंगी। इससे नए उद्योग कम समय में उत्पादन शुरू कर सकेंगे और निवेशकों को अतिरिक्त बुनियादी ढांचा विकसित करने की आवश्यकता नहीं होगी।
खबरें और भी
स्किल, रोजगार और उद्योग को एक ही परिसर में जोड़ने वाली यह परियोजना पूर्वांचल के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है। इसके माध्यम से न केवल स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे, बल्कि गोरखपुर की पहचान एक प्रमुख स्किल हब के रूप में भी स्थापित होगी। साथ ही क्षेत्र में औद्योगिक निवेश, रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
-अनुज मलिक, मुख्य कार्यपालक अधिकारी, गीडा